दिव्य महाराष्ट्र मंडल

कोजागिरी उत्‍सव में मराठी सोहला के कार्यकर्ता सम्‍मानित

 सुमधुर फिल्‍मी गीतों की प्रस्‍तुतियों से गायकों ने बनाया संगीतमय वातावरण


रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में बुधवार की रात को कोजागिरी उत्‍सव का संगीतमय आयोजन किया गया। 11 दिवसीय गणेशोत्‍सव, नौ दिनी श्रीमद् भागवत कथा सप्‍ताह और तीन दिवसीय मराठी सोहला के भव्‍य आयोजनों को सफल बनाने के लिए दिन- रात एक करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्‍यों को इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले व सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने सम्‍मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के प्रतिभाशाली गायकों की ओर से सुमधुर फिल्‍मी गानों की प्रस्‍तुतियों से हुई। तालियों के बीच पिछले तीन बड़े आयोजनों पर भी अध्‍यक्ष काले व सचिव दंडवते ने चर्चा की और सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनके नि:स्‍वार्थ भाव से किए गए परिश्रम व सेवा कार्यों की प्रशंसा की। अपने संक्षिप्‍त संबोधन में अजय काले ने दिव्‍यांग बालिका विकास गृह सहायतार्थ बनने वाले दिवाली फराल की न केवल अधिक से अधिक बुकिंग करने बल्कि इसका सतत प्रचार कर अपनी ओर से रिकॉर्ड ऑर्डर बुकिंग करने का भी आग्रह किया। 
मंडल अध्‍यक्ष ने कहा कि दिवाली व्‍यजंनों की बुकिंग जितनी अधिक होगी, उतना ही आत्‍मनिर्भर हमारा दिव्‍यांग बालिका विकास गृह होगा। हमें महाराष्‍ट्र मंडल में और भी अधिक व भव्‍य कार्यक्रम करने के अवसर मिलेंगे। साथ ही मंडल भवन के विकास के प्रयास तेज होंगे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थिति सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्‍यकत करते हुए उन्‍होंने बताया कि 19 अक्टूबर को सुबह छह बजे से महाराष्‍ट्र मंडल में सुगम संगीत का कार्यक्रम ‘दिवाली पहाट’ का सुगम संगीत का सुमधुर कार्यक्रम होगा। इसमें भी आपका सहयोग व उपस्थिति आवश्‍यक होगी। कार्यक्रम का संचालन सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने किया। इस मौके पर सम्‍मान स्‍वरूप प्रत्‍येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी को महाराष्‍ट्र मंडल की 90वीं सालगिरह से संबंधित स्‍मृति चिह्न दिया गया।