‘मेरा महाराष्ट्र मंडल’ की सोच ही आगे बढ़ाएगी संस्था को
2025-10-14 03:52 PM
146
0 कर्मचारियों के दिवाली पूर्व मिलन समारोह में अध्यक्ष काले, सचिव दंडवते ने शुभकामनाओं के साथ किया प्रोत्साहित
रायपुरा। ‘मेरा महाराष्ट्र मंडल’ की सोच ही आपको न केवल अपने रोजगार की ऊंचाइयों की ओर ले जाएगी बल्कि संस्था को भी आगे बढ़ाने में सहायक होगी। मंडल कर्मचारियों- शिक्षकों के दिवाली पूर्व मिलन समारोह को अध्यक्ष अजय मधुकर काले संबोधित कर रहे थे।
काले ने कहा कि ‘मेरा महाराष्ट्र मंडल’ की सोच आपको एक बंधी-बंधाई नौकरी से ऊपर काम करने की प्रेरणा देती है। यही सोच आपको अधिक जिम्मेदार, समर्पित और संवेदनशील बनाती है। आप अपनी नौकरी के लिए नहीं, बल्कि संस्था को तेजी से आगे बढ़ाने के लक्ष्य को लेकर काम करते हैं, तो इससे संस्था के साथ निश्चित ही आपकी भी प्रगति होती है।

सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल में लगातार कार्यक्रम होते रहते हैं और उनमें आपकी उपस्थिति आमतौर पर आशानुरूप नहीं होती। दरअसल आप अपनी नौकरी व ड्यूटी वाली मन:स्थिति से ऊपर उठेंगे, तो मंडल के कार्यक्रमों को एंजाय करेंगे और अपने साथ दूसरों को भी लाएंगे। दंडवते ने कहा कि वे आपसे कार्यक्रमों में आपकी उपस्थिति का आग्रह कर रहे हैं, जबकि होना यह चाहिए कि हर कार्यक्रमों में आप लोगों की सहभागिता सुनिश्चित होनी चाहिए।
संत ज्ञानेश्वर विद्यालय (एसडीवी) के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने कहा कि दिवाली के मौके पर महाराष्ट्र मंडल में दिव्यांग बालिका विकास गृह सहायतार्थ बनाए जा रहे व्यंजन, गिफ्ट हैंपर की बिक्री में एसडीवी के स्टाफ की भूमिका उल्लेखनीय होगी। साथ ही महाराष्ट्र मंडल के आयोजनों में यहां के शिक्षक- शिक्षिकाएं अपने दायित्वों का निवर्हन पूरी जिम्मेदारी से करेंगे।
एसडीवी की वरिष्ठ शिक्षिका चित्रा जावलेकर ने कहा कि जब भी महाराष्ट्र मंडल में बड़े आयोजनों की योजना बनती है, तो उसमें एसडीवी के स्टाफ की भागीदारी भी निर्धारित करनी चाहिए। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद स्पर्धाओं में सीडीवी स्टाफ को भी प्रतिभागी बनाया जाना चाहिए, ताकि सभी के बीच हमारी सक्रिय भागीदारी दिखाई दे। इस मौके पर उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार, अस्मिता कुसरे, आराधना लाल, तृप्ति अग्निहोत्री, सरिता पांडे सहित अनेक शिक्षिकाओं ने भी अपने सुझाव दिए। कार्यक्रम के संचालन मंडल उपाध्यक्ष गीता दलाल ने किया।