मौका बार-बार नहीं मिलता.. मिला है तो जीत के लिए खेलेः अजय काले
- रिंग फाइट के खिलाड़ियों में जीत की ऊर्जा का संचार किया काले ने
- एसोसिएशन के अध्यक्ष दंडवते ने खिलाड़ियों से की वन-टू-वन बात
रायपुर। किसी भी खेल में खिलाड़ियों को ब्लाक फिर जिला, फिर प्रदेश और फिर नेशनल खेलने का मौका मिलता है। उसके बाद इंटरनेशनल का नंबर आता है। छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन ने आपको सीधे नेशनल खेलने का मौका दिया। यह मौका आपको बार-बार मिले यह जरूरी नहीं, इसलिए मौका मिला तो जीत के लिए खेले, अपने लिए खेले, जब आप अपने लिए खेलेंगे तो जीत छत्तीसगढ़ की होगी, हमारे एसोसिएशन की होगी। उक्ताशय के विचार छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के संरक्षक महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने रिंग फाइट में नेशनल खेलने के लिए पश्चिम बंगाल जाने वाले खिलाड़ियों से कहीं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए काले ने आगे कहा कि हम वहां प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे ऐसे में हमारी हर एक्टिविटी हमारे चरित्र और प्रदेश के नाम पर असर डालेगी। हमें खेल के दौरान किसी से भी तू-तू, मैं-मैं से बचना है। हमारा पूरा फोकस सिर्फ और सिर्फ खेल पर होना चाहिए। हमें मौका मिला है तो इसे कैश कराना आपकी जिम्मेदारी है। आपने कैरियर को अच्छा बनाने का यह सुअवसर है। इसलिए मन लगाकर खेले।
छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन दंडवते ने सभी खिलाड़ियों से वन-टू-वन बात की। उन्होंने खिलाड़ियों से इस वर्ष के अभ्यास सत्र के बारे में पूछा। तथा पिछले वर्ष के सफल खिलाड़ियों से उनके पिछले अनुभवों को जाना। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप सभी को कोच और एसोसिएशन के सचिव द्वारा बताए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करना है। आयोजन बड़ा, भीड़ अधिक रहेगी, ऐसे में सभी को साथ लेकर चलना है और हमेशा अलर्ट रहना है।
इससे पूर्व एसोसिएशन की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें जीत के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि 18 खिलाड़ियों की टीम के साथ इस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन दंडवते, सचिव ओपी कटारिया, ब्लायज कोच प्रवीण क्षीरसागर, गल्स कोच डा. रंजीता जायसवाल, टेस्ट रेफरी पवन ओगले और भागिरथ काळेले पश्चिम बंगाल जाएंगे। इस अवसर पर खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित किया गया।
यह खिलाड़ी जाएंगे पश्चिम बंगाल
प्रणवी ओगले, रेशु जायसवाल, वर्तिका क्षीरसागर, तन्वी साहू, यशिका साहू, प्रकृति दंडवते, आयुष्मान कालेले, विहान कालेले, गौरव हिमने, अनिस जायसवाल, अभिमान कुमार, पुष्कर साहू, वेदांत साहू, आदित्य नारायण, तुषार वर्मा, सृजन सिंह, योगेश कुमार और रौनक वर्मा शामिल है।