संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में आनंद मेला और विज्ञान प्रदर्शनी 21 दिसंबर को
रायपुर। बच्चों में जिज्ञासा जगाने, सीखने को बढ़ावा देने और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने में उद्देश्य से महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी और आनंद मेले का आयोजन रविवार, 21 दिसंबर को किया गया है। इस संबंध में शनिवार 13 दिसंबर को स्कूल के प्राचार्य ने अभिभावकों के साथ मीटिंग की और उन्हें आनंद मेले का न्यौता दिया।

प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने अभिभावकों से कहा कि विज्ञान प्रदर्शनियाँ केवल परियोजनाओं का प्रदर्शन मात्र नहीं हैं; बल्कि ये नवाचार, प्रयोग और वास्तविक जीवन में वैज्ञानिक सिद्धांतों के अनुप्रयोग को बढ़ावा देने वाले मंच हैं। हमारे स्कूल के बच्चों द्वारा बनाई गई विज्ञान प्रदर्शनी में कुछ प्रदर्शनियां एआई बेस होगी। वहीं भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विज्ञान की विभिन्न शाखाओं को कवर किया जाएगा।
प्राचार्य ने आगे कहा कि कि रविवार, 21 दिसंबर को सुबह 9.30 बजे से विज्ञान प्रदर्शनी और आनंद मेले का आयोजन किया गया है। जिसका उद्देश्य बच्चों में व्यवसाय की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना है। विज्ञान प्रदर्शनी के साथ बच्चे खट्टे-मीठे व्यंजनों का स्टाल भी लगाएंगे। आनंद मेले में पानीपुरी, डडली, भेल, मिठाई के स्टाल बच्चों द्वारा लगाए जाएंगे। जिसमें कुल 25 स्टाल के साथ स्कूल प्रबंधन की ओर से भी एक स्टाल लगाया जाएगा। वहीं अभिभावकों औऱ बच्चों के लिए एक सेल्फी जोन भी बनाया जा रहा है।

प्राचार्य ने अभिभावकों से कहा कि इस स्कूल की स्थापना 1983 में महाराष्ट्र मंडल द्वारा मध्यमवर्गीय परिवार को अच्छी शिक्षा देने के लिए किय़ा गया। तब से लेकर अब तक कार्य निरंतर जारी है। गत वर्ष स्कूल के 4 बच्चों ने मैरिट सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया। इस वर्ष इस सफलता का ग्राफ बढ़े इसके लिए अभी से बच्चों को प्रतिदिन पांच-पांच प्रश्नों की तैयारी कराई जा रही है।