दिव्य महाराष्ट्र मंडल

गौरव यात्रा का निमंत्रण स्‍वीकार किया स्पीकर डाॅ. रमन सिंह ने... सर्वसमाज के प्रतिनिधि मंडल ने दिया न्यौता

रायपुर। राष्‍ट्रीय गौरव यात्रा में 16 फरवरी को रायपुर में होने वाले कार्यक्रम में विधानसभा अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आशय का भरोसा उन्‍होंने निमंत्रण पत्र लेकर पहुंचे सर्वसमाज के प्रतिनिधि मंडल को दिया। वहीं रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी सर्वसमाज के प्रतिनिधि मंडल के गौरव यात्रा में आमंत्रण को स्‍वीकार कर लिया। 
 
मंगलवार रात को स्‍पीकर हाउस में महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, मराठा मित्र मंडल के अध्‍यक्ष लोकेश पवार, प्रदेश तिरेला कुर्मी समाज के अध्‍यक्ष ललित कांकडे और संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने डॉ. रमन से मुलाकात कर उनसे 16 फरवरी को शाम सात बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्‍वविद्यालय के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित किया, जिसे उन्‍हें तत्‍काल स्‍वीकार कर लिया। साथ ही उन्‍होंने कार्यक्रम के आयोजन में हरसंभव मदद करने का भरोसा भी दिया। 
 
बताते चलें कि छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जिजाऊ बाई के मायके सिंधखेड़ से 12 फरवरी को राष्‍ट्रीय गौरव यात्रा शुरू हो रही है। शिवाजी महाराज के भव्‍य रथ के साथ लगभग 500 लोग इस यात्रा के साथ चलेंगे। यह यात्रा शिर्डी, छत्रपति संभाजी नगर, जालना, नागपुर से होते हुए 16 फरवरी को शाम चार बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां गौरव यात्रा का महाराष्‍ट्र मंडल सहित सर्वसमाज के प्रतिनिधि भव्‍य स्‍वागत करेंगे।
 
यात्रा के साथ चल रहे जिजाऊ बाई की 16वीं पीढ़ी के वंशज राजा शिवाजी दत्‍तात्रेय राजे जाधव तात्‍यापारा चौक पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण करेंगे। यहां से गौरव यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्‍वविद्यालय के सभागृह पहुंचेगी। यहां आयोजित सभा में महाराष्‍ट्र के यात्रियों के साथ रायपुर के सर्वसमाज के लोग भी बड़ी संख्‍या में शामिल होंगे। सभा को राजा शिवाजी दत्‍तात्रेय जाधव सहित कई महत्‍वपूर्ण हस्तियां संबोधित करेंगी। यात्रा यहीं रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन मंगलवार, 17 फरवरी को सुबह संबलपुर के लिए रवाना होगी। 19 फरवरी को गौरव यात्रा जगन्नाथ पुरी पहुंचेगी, जहां यात्रा की भव्य समापन सभा होगी।