महाराष्ट्र मंडल के सेवाभावी कार्य प्रेरक व अभूतपूर्व: गांगल
2026-03-11 09:39 PM
243
0- महाराष्ट्र की टीजेएसबी बैंक के चेयरमैन सहित उच्चाधिकारियों ने मंडल से की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। टीजेएसबी बैंक महाराष्ट्र ठाणे ने चेयरमैन शरद गांगल ने बुधवार की देर शाम महाराष्ट्र मंडल को सौजन्य भेंट दी। उन्होंने कहा कि मंडल के सेवाभावी कार्य प्रेरक और अभूतपूर्व हैं। उनके साथ बैंक के वाइस चेयरमैन वैभव सिंघवी, एमडी निखिल अरेकर सहित अनेक उच्चाधिकारियों ने भी मंडल की कार्यकारिणी व पदाधिकारियों से चर्चा की। इस मौके पर गांगल ने महाराष्ट्र मंडल की संपूर्ण टीम को शुक्रवार, 13 मार्च को कटोरा तालाब रायपुर शाखा के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया।
टीजेएसबी बैंक के संदर्भ में जानकारी देते हुए गांगल ने बताया कि यह बैंक साल 1972 में स्थापित किया गया था। रायपुर में खुलने वाली छत्तीसगढ़ की पहली व बैंक की 163वीं शाखा है। इससे पहले इस बैंक के महाराष्ट्र के अलावा गोवा, गुजरात, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में 162 ब्रांच खोले जा चुके हैं। यह बैंक रिटेल, कॉरपोरेट बैंकिंग और विदेशी मुद्रा सहित अनेक सेवाएं व सुविधाएं प्रदान करता है। टीजेएसबी बैंक को 'सर्वोत्कृष्ट बैंक' पुरस्कारों से विभिन्न अवसरों पर सम्मानित किया गया है। गांगल ने बताया कि हाल ही में गोवा के वास्को स्थित सिटीजन कोऑपरेटिव बैंक का टीजेएसबी बैंक में विलय को मंजूरी मिली है।

मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने अपने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ टीजेएसबी बैंक के उच्च अधिकारियों को सूत माला, शाल-श्रीफल और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में काले ने महाराष्ट्र मंडल के 90 सालों के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने मंडल के प्रकल्पों, सेवाभावी समितियों और महिला केंद्रों की जानकारी देते हुए भावी योजनाओं के बारे में भी बताया।

इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता दलाल, सचिव चेतन गोविंद दंडवते, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, आध्यात्मिक समिति की प्रभारी आस्था काले, वरिष्ठ रंगसाधक अनिल श्रीराम कालेले, दीपक पत्रीकर, पर्यावरण समिति के समन्वयक अभय भागवतकर, खेल समिति के प्रमुख ओपी कटारिया, प्रवीण क्षीरसागर, रंजन मोड़क सहित अनेक पदाधिकारी व सभासद पर उपस्थित रहे।
बताते चलें कि टीजेएसबी बैंक का उद्घाटन सर्किट हाउस के कन्वेशन हॉल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य अतिथ्य में 13 मार्च को दोपहर एक बजे होगा। समारोह के विशेष अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पद्मश्री सुनीता रामचंद्र गोडबोले और पद्मश्री डॉ. बुधारी ताती होंगे। कटोरा तालाब- शैलेंद्र नगर में टीजेएसबी बैंक की शाखा का शुभारंभ सीएम साय दोपहर 2:15 बजे करेंगे।