किटी को दिया उत्सव का रंग... हल्दी कुंकू के साथ खेले रोचक गेम्स
- महिलाओं ने संत ज्ञानेश्वर स्कूल में किया आयोजित
रायपुर। महिलाओं की किटी पार्टी को अगर उत्सव के रंग में रंग दिया जाए तो आयोजन में शामिल लोगों का उत्साह दोगुना हो जाता है। महाराष्ट्र मंडल के वल्लभनगर केंद्र से जुड़ी महिलाओं ने संत ज्ञानेश्वर स्कूल प्रांगण में अपनी किटी को उत्सव का रंग दिया। एक ओर जहां महिलाओं ने चैत्र गौर हल्दी कुंकू का आयोजन किया वहीं दूसरी ओर आयोजन में महिला सम्मान, कन्या पूजन, महिला दिवस, रोचक गेम्स, होली मिलन के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई। जिसका केंद्र की महिलाओं ने जमकर लुत्फ उठाया।
मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि महिलाओं की किटी का आयोजन संत ज्ञानेश्वर स्कूल प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 8 वर्षीय नन्ही शीतल के द्वारा हनुमान चालीसा के पाठ से किया गया। पाठ के बाद केंद्र की सदस्यों ने शीतल का कन्या पूजन कर उसे सम्मानित किया। इस अवसर पर चैत्र गौर भी स्थापित किया गया और सभी महिलाओं ने उसका पूजन किया। महिलाओं ने स्कूल की आया बाई को साड़ी और सुहाग की चीजें उपहार स्वरूप भेंट की।

विशाखा तोपखानेवाले ने आगे बताया कि महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए वरिष्ठ महिला पत्रकार लक्ष्मी कुमार का भी सम्मान केंद्र की ओर से किया गया। लक्ष्मी कुमार ने अपने व्यस्त समय से थोड़ा समय निकालकर केंद्र को महिलाओं को दिया और उनके आयोजन की प्रशंसा की। रोचक गेम्स की श्रृंखला की शुरूआत गानों की लाइन से पक्षी, खाने-पीने की वस्तुएं खोजने से की गई। जिसमें प्रथम अर्चना जतकर, द्वितीय माधुरी गाडगिल और तृतीय कंचन पुसदकर रही। वहीं दूसरा गेम बुरा न मानो होली का था। जिसमें होली से संबंधित 11 चीजों में से केवल तीन को लिखना था। इस गेम के विजेता को मूर्खाधिराज और महामूर्ख की उपाधि से नवाजा गया। दोनों को रंगीन टोपी और शक्कर की माला पहनाई गई। इसमें अपर्णा पेड़से और मीना हारेडीकर विजेता रही।

विशाखा तोपखानेवाले ने आगे बताया कि एक गेम सुलभा विठलकर द्वारा लिया गया। जिसमें गाने के आधार पर पिक्चर के नाम पहचानना था। इसमें 12 प्राइज दिए गए, 12 बैग्स और शक्कर माला देकर उन्हें सम्मानित किया। इस उत्सव के अवसर पर संत ज्ञानेश्वर स्कूल के लिए हमारे ग्रुप द्वारा एक सीलिंग फैन भेंट किया। 40 बहनों की गरिमामय उपस्थिति में फिर चला स्वादिष्ट नाश्ते का दौर हमने चैत्र गौरी की जो प्रसाद चढ़ाते है वहीं पदार्थ रखे थे। चने की गीली डाल, गुझिया,मूंग बड़े, आम का पन्ना और चाय कॉफी भी रखी थी। हमारे ग्रुप में शुभांगी आप्टे, सुलभा बिठालकर, वैभवी चौधरी और संतोषी देवस्थले है। चारों के सहयोग से बहुत बहुत अच्छा कार्यक्रम संपन्न हुआ और सभी सदस्यों की उपस्थिति ने हमारे कार्यक्रम को सफल बनाया।