दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में होंगे अब दो उपाध्‍यक्ष... 17 मई को होगी सामान्य सभा.... कई क्षेत्रों में होगा मंडल का विस्तार

रायपुर। 90 वर्षीय महाराष्‍ट्र मंडल में अब दो उपाध्‍यक्ष होंगे और इनमें एक पद महिला सभासद के लिए आरक्षित होगा। इस आशय का निर्णय मंडल में रविवार को आहूत कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। इसके अलावा और भी कई महत्‍वपूर्ण योजनाओं और प्रकल्‍पों के विस्‍तार पर चर्चा कर उन्‍हें अंतिम रूप दिया गया। पिछले दो वर्षों का कार्यकाल पूरा कर चुके मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों को विदाई भी दी गई। 

मुख्‍य समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन ने बताया कि 17 मई को होनी वाली वार्षिक सामान्‍य सभा में संविधान में संशोधनों से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्‍तावों के सभा में पारित होने के बाद 2026–28 के कार्यकाल से उन्‍हें प्रभावी भी किया जाएगा। खंगन के मुताबिक एक पांच सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया जाएगा। इसमें पूर्व अध्यक्ष, सचिव व ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष और सचिव शामिल होंगे। उनकी विशिष्ट भूमिका, कर्तव्य और अधिकार को सामान्‍य सभा की बैठक में परिभाषित किया जाएगा और उस पर सामान्‍य सभासदों से चर्चा की जाएगी। 

उपाध्‍यक्ष गीता श्‍याम दलाल ने बताया कि बैठक में मंडल की विस्‍तार योजनाओं व प्रकल्‍पों के विस्‍तार पर काफी चर्चा की गई। इनमें वृद्धाश्रम, गुरुकुल, गौशाला (गौ-आश्रय), महतारी सदन, वरिष्ठ नागरिक सदन, योग केंद्र और संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल की शाखाएं खोलने के प्रस्‍ताव का अनुमोदन किया गया। गीता ने कहा कि इन योजनाओं को वर्ष 2028 तक साकार किया जाना प्रस्‍तावित है।

अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने इस मौके पर वामन राव लाखे, शहीद आकाश गिरपुंजे और वीर विनायक दामोदर सावरकर की प्रतिमाएं स्थापित करने के संबंध में महाराष्ट्र मंडल के सरकार को प्रस्तुत प्रस्तावों के विषय में जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि मंडल का यह प्रस्ताव 10 अप्रैल को होने वाली नगर निगम की सामान्‍य सभा की बैठक के दौरान पारित किया जाना निर्धारित है। इससे पहले यह प्रस्‍ताव मेयर इन काउंसिल में पारित चुका है। सामान्‍य सभा में प्रस्‍ताव के पारित होने के बाद वीर सावरकर की प्रतिमा आयुर्वेदिक कालेज गेट के पास और शहीद गिरपुंजे व वामन राव लाखे की प्रतिमा को लाखे नगर चौक पर स्‍थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। काले ने बताया कि इस संबंध में मंडल की ओर से महापौर मीनल चौबे का आभार व्यक्‍त करते हुए उन्‍हें बधाई दी गई है और उन्‍हें प्रशंसा पत्र भेजा जाएगा। 

काले ने कहा कि बैठक में पिछले महीनों में हुए विभिन्‍न आयोजनों, तीज-त्‍योहारों के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और सफल आयोजनों के लिए पूरी कार्यकारिणी की प्रशंसा कर बधाई दी गई। इस बैठक में विशाखा तोपखानेवाले, प्रसन्‍न निमोणकर, दीपक किरवईवाले, आस्‍था काले, रेणुका पुराणिक, निरंजन पंडित, सुकृत गनोदवाले को कार्यकाल समाप्‍त होने पर उन्‍हें भावभीनी विदाई दी गई। साथ ही विश्‍वास जताया गया कि भविष्‍य में उन्‍हें महाराष्‍ट्र मंडल के कार्यों व कार्यक्रमों की कोई भी जिम्‍मेदारी दी जाएगी, तो वे उसका निर्वहन पूर्व की भांति पूरे समर्पण से करेंगे।