‘चंदन है इस देश की माटी तपोभूमि हर ग्राम…’ से गूंजा बाल संस्कार शिविर
- महाराष्ट्र मंडल रायपुर में चल रही बाल संस्कार शिविर
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति द्वारा 1 मई से 30 मई तक चलाए जा रहे आनलाइन और आफलाइन बाल संस्कार शिविर के तीसरे सप्ताह आफलाइन शिविर के दूसरे दिन शिविर ‘चंदन है इस देश की माटी तपोभूमि हर ग्राम…’ से गूंज उठा। बच्चों ने एक स्वर में इस गीत को गाया।

आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि शिविर की शुरूआत मंजूषा वैशम्पायन और चारुशीला देव ने प्रारंभिक स्तोत्र, राम रक्षा और हनुमान चालीसा का पाठ कराई। वहीं मंजूषा वैशम्पायन ने बच्चों को देश भक्ति गीत ‘चंदन है इस देश की माटी तपोभूमि हर ग्राम है…’ सिखाया। बच्चों ने जब प्रशिक्षण के साथ एक स्वर में इस देशभक्ति गीत को गाया तो पूरा मंडल भवन देशभक्ति मय हो गया।

दूसरे चरण में बच्चों को योग का अभ्यास कराया गया। समिति की समन्वयक आस्था काले और वर्षा चोपकर ने बच्चों को योग कराया। बच्चों ने पहले सूर्य नमस्कार किया। फिर पद्मासन, शशांक आसन किया। जिसके बाद बच्चों को साइकिलिंग करते हुए योग कराया। बड़े बच्चों की पीठ पर बैठकर छोटे बच्चों ने साइकिल चलाई। कुछ छोटे बच्चों ने बड़े बच्चों के नीचे बैठकर ऊपर बैठे बच्चों के लिए अपने हाथ से पैडल बनाया।

तीसरे चरण बच्चों के फायरलेस कुकिंग का था। इस सप्ताह बच्चो को फायरलेस कुकिंग के अंतर्गत अक्षता पंडित ने बच्चों को ब्रेड के दही बड़े बनाना सिखाया। बच्चों ने दही बड़े बनाए भी और खाए भी। जिसे बच्चों ने खूब एंजॉय किया। वहीं सभासद अर्णव कुसरे की तरफ से फ्रूटी और बिस्कुट के पैकेट बच्चों को दिया गया।