दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मराठी अभिनव वाचक स्‍पर्धा 27 सितंबर को, नामांकन शुरू.... स्‍वतंत्र विषय पर होगी पत्र लेखन प्रतियोगिता भी

रायपुर। मध्‍य प्रदेश मराठी अकादमी इंदौर 27 सितंबर को महाराष्‍ट्र मंडल में मराठी अभिनव वाचक स्‍पर्धा का आयोजन कर रहा है। इस स्‍पर्धा के साथ विभिन्‍न वर्गों के लिए स्‍वतंत्र विषय पर मराठी निबंध स्‍पर्धा का आयोजन भी किया गया है। इन स्पर्धाओं के लिए महाराष्ट्र मंडल में अनेक प्रतिस्पर्धी नामांकन कर चुके हैं और अभी भी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है।
 
साहित्यिक समिति की समन्‍वयक कुमुद लाड ने बताया कि छत्‍तीसगढ़ में महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर सहित सेक्‍टर- 4 भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, जगदलपुर के महाराष्‍ट्र मंडलों व मराठी भाषी संस्‍थाओं में मराठी पुस्‍तक वाचन, निबंध और पत्र लेखन स्‍पर्धा के केंद्र बनाए जाते हैं। यहां से बड़ी संख्‍या में मराठी साहित्‍य में रुचि रखने वालों समेत ऐसे युवा व बच्‍चे भी शामिल होने लगे हैं, जिन्‍हें अभि‍भावकों की ओर से प्ररेणा व सहयोग मिल रहा है। 
 
कुमुद के अनुसार मराठी अभिनव वाचक स्‍पर्धा 27 सितंबर को है लेकिन अभी से महाराष्‍ट्र मंडल में अनेक प्रतिस्‍पर्धियों ने अपना नामांकन करवा लिया है। इसका फायदा इन प्रतिस्‍पर्धियों को जल्‍दी वो पुस्‍तक मिल जाएगी, जिसका परीक्षा में कोई एक पैराग्राफ पढ़कर स्‍पर्धा जीती जाएगी। बाल वाचन स्‍पर्धा के लिए डीबी देशपांडे लिखित ‘फुला मामाच्या देशात’ अन्‍य वर्ग के लिए श्रीपु काले की पुस्‍तक ‘दोस्‍त’ चुनी गई है।
 
मध्‍य प्रदेश मराठी अकादमी इंदौर के अध्‍यक्ष अरविंद जवलेकर ने बताया कि अकादमी के माध्‍यम से बड़े पैमाने पर मराठी पुस्‍तक वाचन, निबंध और पत्र लेखन स्‍पर्धा का आयोजन किया जाता है। इसमें मध्‍य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा गुजरात, राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश, नई दिल्‍ली सहित अनेक राज्‍यों के सैकड़ों प्रतिभागी शामिल होते हैं। बड़ी बात यह है कि यह स्‍पर्धा दो वर्गों किशोर वय, युवा वर्ग में होती है। इससे सात- आठ साल से लेकर बुजुर्ग तक के मराठी भाषियों में मराठी पढ़ने से लेकर पत्र लेखन और निबंध लेखन में रुचि बढ़ती है, साथ ही प्रतिस्‍पर्धा भी। यह इसलिए भी है कि इन साहित्यिक स्‍पर्धाओं के विजेताओं की ख्‍याति दूर- दूर तक पसरती है।