महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष ने समितियों और प्रकल्प प्रभारियों को बताए उनके दायित्व
2026-07-24 02:08 PM
58
- नई ऊर्जा के साथ सेवाभावी कार्यों और नये सदस्य बनाने पर होगा काम
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की नई कार्यकारिणी (2026-28) का शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 26 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया है। समारोह में मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले और उनके नेतृत्व में 14 सदस्यीय कार्यकारिणी, विभिन्न समितियों, महिला केंद्रों की संयोजिका और सहसंयोजिकाओं का शपथ ग्रहण होगा। शपथ ग्रहण के पहले गुरुवार, 23 जुलाई को महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले और सचिव चेतन दंडवते ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों, समितियों के समन्वयक, प्रमुख और प्रकल्पों के प्रभारियों को उनके दायित्व और जिम्मेदारियों के बारे में बताया।

अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा मंडल की सभी समितियों के समन्वयक, प्रमुख और सदस्यों से कहा कि शपथ ग्रहण में माननीय विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह की गरिमा का विशेष ध्यान रखना है। हमें प्रयास करना है शपथ ग्रहण का प्रोटोकाल हमें फालो करना है। ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने सभी से नई ऊर्जा के साथ सेवाभावी कार्यों में जुटने और हर केंद्र को 25 नई सदस्य जोड़ने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र मंडल ने इस वर्ष जनवरी से सियान गुड़ी और पिछले महीने हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन शुरू किया गया। महाराष्ट्र मंडल आगे गोशाला और गुरुकुल प्रारंभ करने की दिशा में भी कार्य करने जा रहा है।

सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि मंडल भवन के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 17 समिति और 17 महिला केंद्रों के पदाधिकारी भी शपथ ग्रहण करेंगे। पहली बार महाराष्ट्र मंडल में शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति गठित की गई है। इस समिति के समन्वयक के नेतृत्व में सभी पदाधिकारी भी शपथ लेंगे। कार्यकारिणी के 14 सदस्यों के साथ अलग-अलग समिति और महिला केंद्रों की टीम शपथ लेगी।
