‘देवा हो देवा’ के साथ शुरू हुई महाराष्ट्र मंडल की अंताक्षरी... झंकार बीट्स रही विजेता
- लगातार दूसरे साल पहले राउंड में विजयी बनीं झंकार बीट्स
रायपुर। गणपति की आराधना करते हुए ‘देवा हो देवा गणपित देवा’ के साथ महाराष्ट्र मंडल आयोजित नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। जिसके बाद क्रमशः सरगम के सितारे, सुर संगम, दिव्यांग बालिका, झंकार बीट्स, मां और नाद ग्रुप ने फिल्मी गानें गाए। प्रतियोगिता में झंकार बीट्स ग्रुप विजयी रही और इस टीम ने फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।

मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, वरिष्ठ आजीवन सदस्य दंपती अशोक-मीना लोणकर ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बतादें कि महाराष्ट्र मंडळ द्वारा अंताक्षरी का आयोजन दिव्यांग बालिकाओं के सहायतार्थ किया जा रहा है। यह आयोजन का पांचवां वर्ष है।

शुभारंभ उत्सव पर मंडळ अध्यक्ष अजय काळे ने वरिष्ठ सदस्य तात्या विजय निमोणकर की स्मरण करते हुए कहा कि पिछले वर्ष के आयोजन में वे यहां आए थे, उन्होंने उम्र के उस पड़ाव में उत्साह के साथ गाना गाया था और हमारा उत्साहवर्धन किया था। उस हम उन्हें नमन करते है।

अजय काले ने हंसते-हंसते रोना सीखो.... गीत गाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आयोजन को लेकर अनंत शुभकामनाएं भी दी। स्पर्धा के दौरान बजर राउंड रोचक रहा। प्रथम राउंड में दिव्यांग बालिका ग्रुप ने सात समुंदर पार, झंकार बीट्स ने इश्क बिना क्या जीना, मां ग्रुप मे हमको हमी से चुरा लो सनम और नाद ग्रुप ने लेकर हम दीवाना दिल गाकर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।

महाराष्ट्र मंडळ की उपाध्यक्ष और आज के आयोजन की प्रभारी गीता दलाल ने बताया कि पहले राउंड में छह टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पहले राउंड में मां ग्रुप ने 100 अंक, नांद और दिव्यांग बालिका ग्रुप ने 300-300 अंकर, सरगम के सितारे और सुरसंग ने 400-400 अंक प्राप्त किए। वहीं झंकार बीट्स ने 600 अंकों के साथ विजय हासिल की।