दिव्य महाराष्ट्र मंडल

प्रभा फाउंडेशन ने किया अजय काले को सम्‍मानित

0- महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष ने कहा- यह सम्‍मान मंडल का, मेरा नहीं, अगला लक्ष्‍य गुरुकल और गौशाला शुरू करना

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में सतत् 16 वर्षों से, नौ कार्यकाल में निर्विरोध निर्वाचित, यशस्‍वी अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले का प्रभा फाउंडेशन ने सम्‍मान किया। रविवार को समाजसेवियों से खचाखच भरे विमतारा में आयोजित भव्‍य समारोह में काले को यह ‘समाज निर्माण गौरव सम्‍मान’ विधानसभा अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने दिया। इस मौके पर विभिन्‍न क्षेत्रों के नि:स्‍वार्थ भाव से जरूरतमंद लोगों की सेवा कर रहे 51 विभूतियों और संस्‍थाओं को भी सम्‍मानित किया गया। सुप्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ और अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्‍थापक डॉ. दिनेश मिश्रा को लाइफ टाइम एचिवमेंट अवार्ड दिया गया।
 
मुख्‍य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने समूचे आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजधानी में डॉ. त्रिवेदी पर‍िवार की ओर प्रभा फाउंडेशन के रूप में समाजसेवा के नए अवसर बनेंगे। इसका लाभ अधिकाधिक गरीब और जरूरतमंदों को होगा। उन्‍होंने सम्‍मानित की जाने वाली विभूतियों के संदर्भ में प्रभा फाउंडेशन को साधुवाद देते हुए कहा कि अनेक क्षेत्रों में समाजसेवा कर रहे स्‍थापित बड़े नामों को आप लोगों ने ढूंढकर निकाला हैं।  
 
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि समाजसेवियों का सम्‍मान आज की जरूरत है। ऐसे आयोजनों व दशकों से मानवसेवा में लगे लोगों को सम्‍मानित कर प्रभा फाउंडेशन युवा पीढ़ी का ध्‍यान उनकी ओर आकर्ष‍ित कर रहा है और उन्‍हें प्रेरित भी कर रहा है। अच्‍छे संस्‍कारों के साथ युवा लोगों की मदद करने और उन्‍हें आगे बढ़ाने की भावना के साथ काम करें, तो हमारे देश का भविष्‍य उज्जवल है।       
 
‘समाज निर्माण गौरव सम्‍मान’ से सम्‍मानित अजय मधुकर काले ने कहा कि असल में यह सम्‍मान 91 वर्षों से समाजसेवा में सतत् सक्रिय विश्‍वसनीय महाराष्‍ट्र मंडल का सम्‍मान है, मेरा नहीं। हमारे वरिष्‍ठ सभासदों ने मानवसेवा के अनेक ऐसे कार्य किए हैं, या ये कहें कि कीर्तिमान गढ़े हैं, हम उन्‍हीं से प्रेरणा लेकर मंडल के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। व्‍यवस्‍थागत दृष्टिकोण से वे मंडल के अध्‍यक्ष हैं लेकिन उन्‍हें इतनी भरोसेमंद, ऊर्जावान और समर्पित साथियों की टीम मिली है, जिससे कि वे महाराष्‍ट्र मंडल के दशकों से स्थापित प्रकल्‍पों के कार्यों का न केवल संचालन कर रहे हैं, बल्कि नए-नए क्षेत्रों में भी मंडल के सेवाभावी कार्यों का विस्‍तार कर रहे हैं। काले ने कहा कि इस समय उनके सामने दो बड़े लक्ष्‍य गुरुकुल और गौशाला शुरू करने की है, जिसे हासिल करने के लिए वे अपनी टीम के साथ प्रयासरत हैं।