दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में शिवाजी महाराज के साथ अब मां भारती की भी होगी आरती

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल, रायपुर की छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के तत्वावधान में 19 सितंबर शनिवार को शाम 7 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज की मासिक महाआरती के साथ भारत माता आरती का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम महाराष्ट्र मंडल की मुख्य लॉबी में आयोजित होगा। शिवाजी महाराज और मां भारती की आरती पर विशेष रुप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत संघचालक टोपलाल वर्मा और महंत श्री वेदप्रकाश  श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, रामकुंड, रायपुर उपस्थित रहेंगे।

समिति प्रमुख गणेशा जाधव पाटिल ने बताया कि जेन जी और जेन अल्फा सहित नई पीढ़ी को संस्कार, संस्कृति, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रभाव से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। पाटिल ने बताया कि उनके द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले एवं सचिव चेतन दंडवते का सकारात्मक मार्गदर्शन एवं अनुमोदन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा, “युवा केवल देश का भविष्य नहीं, वर्तमान की शक्ति भी हैं। संस्कार उनकी पहचान, कर्तव्य उनका संकल्प और राष्ट्रहित उनकी प्राथमिकता बने—इसी उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।”

मासिक भारत माता आरती के माध्यम से मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रगौरव की भावना को नई पीढ़ी तथा सर्व समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती के साथ भारत माता की आरती का यह क्रम नियमित रूप से जारी रखने की योजना है।

आयोजन समिति के समन्वयक अभिषेक बक्षी, समिति प्रमुख गणेशा जाधव पाटिल एवं महिला प्रमुख रीना बाबर ने महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, विभिन्न समितियों के प्रमुखों, महिला केंद्र की संयोजिकाओं, शिवप्रेमियों तथा सर्व समाज से 19 सितंबर को शाम 7 बजे महाराष्ट्र मंडल की मुख्य लॉबी में सपरिवार उपस्थित होकर मासिक महाआरती एवं भारत माता आरती के शुभारंभ में सहभागी बनने का आग्रह किया है।