महिला स्वावलंबन पर आधारित कार्यक्रम ‘स्वयं सिद्धा’ 29 सितंबर को
रायपुर। महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक, बौद्धिक सशक्तिकरण के लिए महाराष्ट्र मंडल में महिला स्वावलंबन पर आधारित कार्यक्रम ‘स्वयं सिद्धा’ का आयोजन मंगलवार 29 सितंबर को दोपहर 3.30 बजे से किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन मंडल के महिला केंद्र, युवा समिति और स्वावलंबन समिति की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिलाओं के विशेष मार्गदर्शन के लिए स्वयं सिद्धा महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्षा महिमा तारे विशेष रुप से उपस्थित रहेंगीं।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि महिमा तारे महिलाओं के आर्थिक सामाजिक बौद्धिक सशक्तिकरण के लिए काफी समय से काम कर रही हैं। महिलाओं द्वारा बनाए गए भारतीय परंपरागत व्यंजनों व उनके विविध घरेलू उत्पादों की सफल मार्केटिंग और उन्हें प्रशिक्षित करना उनका मुख्य विजन है। महिमा तारे द्वारा महिलाओं को आंवला प्रोसेसिंग, आलू प्रोसेसिंग के साथ सभी प्रकार के सीजनल आचार पापड़ मुरब्बा की प्रोसेसिंग व मार्केटिंग कैसे करना इसका प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। उनके समूह में वर्तमान में 450 महिलाएं जुड़ी है जो स्वयं उत्पाद बनाती है और बेचती भी है। हमें भी इनसे कुछ सीखने का अवसर मिला है।
तोपखानेवाले ने आगे बताया कि इस अवसर पर बीते दिनों राजधानी रायपुर में हुए रक्तदान महाकुंभ में सहभागिता निभाने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा।