दिव्य महाराष्ट्र मंडल

दिव्यांग बच्चि‍यां बढ़ीं तो दिवाली व्‍यंजन का लक्ष्‍य हुआ बड़ा: काले

0- महाराष्‍ट्र मंडल में पदाधिकारियों की बैठक में गरबा उत्सव, मराठी सोहळा, छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर होंगे भव्य कार्यक्रम

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के दिव्‍यांग बालिका विकास गृह में मूक- बधिर बच्चियों के आने से अब विशेष बच्चियों की संख्‍या काफी बढ़ गई है। इसके साथ ही बढ़ गया है यहां का बजट। लगभग 30 विशेष बच्चियों वाले विकास गृह के संपूर्ण खर्च निकालने के लिए अब दिवाली फराळ (व्‍यंजन) का लक्ष्‍य भी बड़ा ही रखना पड़ेगा और इसे हासिल करने के लिए हम सभी को अभी से कमर कसना पड़ेगा। महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने कार्यकारिणी सदस्‍यों, विभन्‍न समितियों के पदाधिकारियों, महिला केंद्रों की संयोजिकाओं- सह संयोजिकाओं की बैठक में इस आशय के विचार व्‍यक्‍त किए। 

काले ने कहा कि पिछले वर्ष तक दिव्यांग बालिका विकास गृह में छह अस्थि बाधित बच्चियां रहतीं थीं। इस वर्ष हमें छत्‍तीसगढ़ के समाज कल्‍याण विभाग ने 24 मूक- बधिर बच्चियां हमारे यहां रहने के लिए आई हैं। बढ़ीं हुई जिम्‍मेदारियों के साथ अब हर एक सभासद को अपनी जिम्‍मेदारी समझनी होगी और सबसे पहले दिवाली के लिए अभी से अपने व्‍यंजन बुक कराने होंगे, ताकि वे जब अपने परिचितों, पड़ोसियों से महाराष्‍ट्र मंडल के शुद्ध व्‍यंजनों के बारे में पूरे आत्‍म विश्‍वास से बात कर पाएंगे।  

सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि दिवाली फराळ को लेकर हर एक व्यक्ति को कम से कम 20 व्यक्ति  का टारगेट रखना है। हो सकता है इसमें कुछ लोग कामन निकल जाए, लेकिन फिर भी 10 व्यक्ति से हम संपर्क करते हैं, और हर व्यक्ति कम से कम दो हजार रुपये का आर्डर करता है तो हम बड़ा टारगेट आसानी से हासिल करने कर लेंगे। हम नेटवर्क मार्केटिंग के सिस्टम से काम करना है। आप दो लोगों का आर्डर लाएं, आपके नीचे वाले दो-दो लोगों का आर्डर। सिर्फ दो लोगों का आर्डर बड़ा टारगेट नहीं है, लेकिन इससे हमें बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने मराठी सोहला, गरबा उत्सव को लेकर समितियों को जिम्मेदारी दी। 

23 अक्‍टूबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय मराठी सोहळा (मेला) के बारे में जानकारी देते हुए काले ने बताया कि इस बार दक्षिण मध्‍य क्षेत्र सांस्‍कृतिक केंद्र की डायरेक्‍टर आस्‍था गोडबोले कारलेकर का मुख्‍य अतिथि के रूप में आना लगभग तय है। इसी तरह उज्‍जैन के हिंदी सस्‍पेंस नाटक ‘ केस नंबर 90’ का मंचन भी देखने को मिलेगा। सभासदों के एक से एक स्‍टाल्‍स मेले में लोगों को एंजाय करने के भरपूर अवसर मिलेंगे। इसी तरह महिलाओं और बच्‍चों के लिए रोमांचक स्‍पर्धाओं की भरमार होगी तो सांस्‍कृतिक कार्यक्रम भी सभी के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। काले के अनुसार नाना पाटेकर को एक यादगार श्रद्धांजलि देने की तैयारियां भी जारी हैं।   

सेलिब्रेशन होगा चार नवंबर को     

प्रशांत दलवी लिखित मराठी नाटक ‘सेलिबेशन’ का महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर स्‍मृति रंगमंच पर होगा। नाटक के निर्देशक प्रसन्‍न निमोणकर ने बताया कि हास्‍य से भरपूर काल्‍पनिक नाटक से हटकर एक सामाजिक व पारिवारिक नाटक सेलिब्रेशन सभी का मनोरंजन तो करेगा ही, साथ ही जीवन में रिश्‍तों के महत्‍व की शिक्षा भी देगा। उन्‍होंने सभी सभासदों से नाटक देखने का आग्रह किया।   

मंडल उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने कहा कि मराठी सोहळा में सभी समितियों को अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। तमाम समितियां अपने कार्यक्रमों की रूपरेखा, नियम, पुरस्कार सब कुछ तय करेंगी। गीता ने स्‍पष्‍ट किया कि जितने मजेदार गेम्‍स होंगे, उतके ही आकर्षक पुरस्‍कार देने का हमारा वादा है। इस अवसर पर मंडल की कार्यकारिणी, समिति प्रमुख और बड़ी संख्या में सभासद उपस्थित थे।