दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शंखनाद से हुआ मराठी सोहळा के द्वितीय दिवस का शुभारंभ

- बच्चों और बड़ों के लिए विविध खेलों का हुआ आय़ोजन

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित तीन दिवसीय मराठी सोहळा के द्वितीय दिवस का शुभारंभ शंखनाद प्रतियोगिता के साथ हुई। महिला सभासदों ने उत्साह के साथ शंखनाद किया। सबसे अधिक समय तक शंखनाद कर आशिता भिते प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं अनिता लांगे ने द्वितीय और मेघा पोद्दार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

संस्कृति समिति की प्रमुख गौरी क्षीरसागर ने बताया कि मराठी सोहळा के दूसरे दिन सुबह 10.30 बजे से बच्चों और महिलाओं के लिए विविध खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत शंखनाद के साथ की गई। शंखनाद की ध्वनि से ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो चारों ओर सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा हो। वहीं इसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं शंखनाद के उपरांत महाराष्ट्र मंडल द्वारा हर शनिवार को होने वाला हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।

गौरी क्षीरसागर ने आगे बताया कि इसी तरह ‘टप्पा बाल’ और ‘करें कोई-भरे कोई’ खेल का आयोजन किया गया। जिसमें ‘करें कोई-भरे कोई’ में आशिता भिते प्रथम, डा. शुचिता देशमुख द्वितीय और मीनाक्षी पिंपळापुरे तीसरे स्थान पर रही। इसके साथ ‘टप्पा बाल’ में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। ‘टप्पा बाल’ में सबसे अधिक 130 अंक के साथ दिव्यांग बालिका विकास गृह की प्रभारी मालती मिश्रा प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं 124 अंक के साथ सुरेखा पाटिल और अंजली काले संयुक्त रुप से द्वितीय स्थान पर रही। वहीं बच्चों के लिए आयोजित ‘टप्पा बाल’ में अनुष्का अग्रवाल प्रथम, कान्हा नागदेव द्वितीय और  अन्वी राऊत तीसरे स्थान पर रही।