दिव्य महाराष्ट्र मंडल

समाजसेवी अग्रवाल दंपती ने हाईटेक आंगनबाड़ी को दिए किड्स चेयर्स

-  महाराष्‍ट्र मंडल के सेवाभावी कार्यों की जमकर की प्रशंसा, नौनिहालों के साथ बिताया क्‍वालिटी टाइम

रायपुर। हाईटेक आंगनबाड़ी में नौनिहालों की सुविधा बढ़ाने के लिए समाजसेवी पवन अग्रवाल और स्‍वपना अग्रवाल ने किड्स चेयर्स दी हैं। नगर निगम द्वारा निर्मित राजधानी के पहले महतारी सदन में महाराष्‍ट्र मंडल की ओर संचालित हाईटेक आंगनबाड़ी (प्‍ले स्‍कूल) में इस समय 60 बच्‍चे आते हैं, जिन्‍हें खूब सारे खेल- खिलौनों के बीच प्रार्थना से लेकर अल्‍फाबेट, अक्षर और अंक ज्ञान जैसी बुनियादी शिक्षा का अभ्‍यास कराया जाता है।

इन बच्‍चों के बीच समाजसेवियों पवन व स्‍वपना ने अपना महत्वपूर्ण समय बिताया और कहा कि भविष्‍य में भी वे यहां आकर बच्‍चों के बीच रहना पसंद करेंगे। साथ ही इन बच्‍चों की सुविधाएं बढ़ाने की दृष्टि से यथासंभव जो भी जरूरी होगा, वे नि:स्‍वार्थ भाव से करेंगे। उन्‍होंने महाराष्‍ट्र मंडल प्रकल्‍पों के तमाम सर्वसमाज हिताय कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि इस संस्‍था को वे लंबे अरसे से जानते हैं और इसके कार्यों से वे प्रभावित भी हैं।

श्री शिवम इंटरप्राइजेस की संचालक पवन व स्‍वपना अग्रवाल को प्रमुख समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन ने महाराष्‍ट्र मंडल के प्रकल्‍पों की जानकारी दी। हाईटेक आंगनबाड़ी प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख व शिक्षिका मेघा पोतदार ने दोनों अतिथियों को हाईटेक आंगनबाड़ी भवन दिखाकर पूरी जानकारी दी और यहां आने वाले बच्‍चों के निम्‍न आयवर्ग परिवारों के बारे में भी बताया। दिव्‍यांग बालिका विकास गृह प्रभारी मालती मिश्रा, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, शचिंद्र देशमुख सहित आंगनबाड़ी का समूचा स्‍टाफ इस मौके पर उपस्थित रहा।