स्वराज स्थापना के 350वें वर्ष पर महाराष्ट्र मंडळ में 29 जुलाई की शाम होगी संगोष्ठी, सुधीर श्रीरंग थोराट होंगे मुख्य वक्ता
रायपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज भारत के उन महान व्यक्तित्वों में एक हैं, जिन्होंने समाज को सैकड़ों वर्षों की दासता की मानसिकता से मुक्त कर समाज में आत्मविश्वास व आत्मगौरव का भाव जगाया। ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को उनका राज्याभिषेक हुआ तथा हिन्दवी स्वराज्य' की स्थापना हुई। इस वर्ष हिन्दवी स्वराज्य स्थापना का 350वां चल रहा है। इस अवसर पर देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी तारतम्य में महाराष्ट्र मंडळ में 29 जुलाई को शाम 6.30 बजे संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता सुधीर थोराट पुणे होंगे।
रायपुर महानगर कार्यवाह राघव जोशी ने बताया कि महाराष्ट्र मंडळ रायपुर और मराठा युवा समाज रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन महाराष्ट्र मंडळ रायपुर में होगा। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता समाजसेवी और आरएसएस के स्वयं सेवक सुधीर श्रीरंग थोरात होंगे।
जोशी ने बताया कि सुधीर श्रीरंग थोरात बचपन से आरएसएस के स्वयं सेवक है। उन्होंने पुणे महानगर में संघ का दायित्व संभाला है। 1990 से 1994 तक आरएसएस के रायगड जिला प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली। वे वर्ष 2006 से लोकमान्य तिलक द्वारा स्थापित श्री शिवाजी रायगड स्मारक मंडळ के सचिव है। रायगड किला के विकास प्रारुप तैयार करने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।