दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडळ ने किया महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस का सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद और महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस का बुधवार को इनडोर स्टेडियम में 100 से अधिक संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं और कई हस्तियों ने सम्मान किया। इन संस्थाओं में 88 वर्ष पुरानी सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्था महाराष्ट्र मंडळ भी शामिल रही।  हमर सियान, हमर अभिमान संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के संयोजक पद्मश्री एटी दाबके थे।

दाबके ने इस अवसर पर रमेश बैस की सादगी और ईमानदारी के साथ राजनीतिक यात्रा की चर्चा की। और उन्हें आगे भी सफलता के नये सोपान हासिल करने का शुभकामना दी। मंच पर संत रविशंकर महाराज रावतपुरा, संत युधिष्ठिर लाल और धर्म गुरू प्रकाश मुनि सहित कई धर्म प्रमुख विराजित थे। और उन्होंने ने भी अपने संक्षिप्त संबोधन में महाराष्ट्र के राज्यपाल के लिए आशीवर्चन  कहे।

खराब मौसम के बावजूद बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में हजारों की संख्या में जुटे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, संगठनों के लोगों को संबोधित करते हुए रमेश बैस ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर आपने मेरा नहीं हर वर्ग के समाज का सम्मान किया है, आम जनता का सम्मान किया है। आपके स्नेह को मैं नहीं भूल पाउंगा। वैसे भी मैं जो कुछ भी हूं,  आप लोगों के स्नेह और विश्वास के कारण हूं।  मैंने सपने में नहीं सोचा था कि राजनीति में आउंगा। बैस ने कहा कि वे तो गांव में आराम से खेती कर रहे थे, पार्टी का आदेश हुआ कि पार्षद को चुनाव लडो। आदेश का पालन किया। पार्षद निर्वाचित हुआ। फिर पार्टी ने कहा विधानसभा चुनाव लड़ना है, मना करने बाद भी चुनाव लड़ना पड़ा और विधायक बना।

रमेश बैस ने आगे कहा कि जब लोकसभा चुनाव लड़ने का आदेश  हुआ तो मैंने पार्टी के नेताओं से कहा यह कैसे संभव है। रायपुर लोकसभा में 9 विधानसभा आते है, और मुझे उनके रास्तों तक का पता नहीं है। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर आप जनता के बीच ईमानदारी के काम कर रहे है तो यही जनता आपको सांसद भी बनाएगी और हुआ भी यहीं।

बैस के संबोधन के बाद जैसे ही उनके अभिनंदन का दौर  शुरू हुआ वैसे ही मंच पर उनका सम्मान करने लगभग होड़ सी मच गई। लंबे समय तक यह क्रम चलता रहा। रमेश बैस सबसे मुस्कुरा कर मिलते रहे। इस बीच महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काळे, उपाध्यक्ष श्यामसुंदर खंगन, सचिव चेतन दंडवते, सह सचिव सुकृत गनौदवाले, वरिष्ठ सदस्य दीपक पात्रीकर, डा. कमल वर्मा, कुमुद लाड, पर्यावरण समिति के प्रमारी अभय भागवतकर, सह प्रभारी वैभव बर्वे, स्वालंबन समिति की प्रभारी शताब्दी पांडे, खेलकूद समिति प्रभारी गीता दलाल, दिव्यांग बालिका गृह प्रभारी आस्था काळे, सांस्कृतिक समिति की प्रभारी प्रेम उपवंशी सहित अपने पदाधिकारी और सदस्य ने रमेश बैस का साल, श्रीफल और अभिनंदन पत्र से सम्मान किया।

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय,  विधायक कुलदीप जुनेजा, विधायक धर्मजीत सिंह, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, भाजपा नेता केदार गुप्ता, चैंबर अध्यक्ष अमर पारवानी, सच्चिदानंद उपासने, विजय अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल उपस्थित थे।