महाराष्ट्र मंडल के पौधरोपण अभियान का... अगला पड़ाव पतोरा शासकीय स्कूल... इस दिन किया जाएगा रोपण
2023-08-07 05:17 PM
497
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की पर्यावरण समिति सावन महीने में लगातार अपनी सक्रिय कार्यशैली का परिचय दे रही है। एक दिन पहले रविवार को कबीर नगर स्थित कनकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम संपादित किया गया, जिसके बाद अब अगला पड़ाव तय कर लिया गया है, जहां पौधरोपण किया जाएगा।
पर्यावरण समिति प्रमुख अभय भागवतकर व उपप्रमुख वैभव बर्वे ने बताया कि उनका अगला पड़ाव पतोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला है, जहां 12 अगस्त को वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। भागवतकर ने बताया कि शाला परिसर में मुख्य रूप से फलदार पौधों में सीताफल, आम, आंवला,जामुन के अलावा छायादार पौधों में नीम, करंज, कचनार, शिरीष, अल्केसिया, शिशु, गुलमोहर के पौधे रोपे जाएंगे।
पर्यावरण समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पौधरोपण अभियान में स्कूली बच्चों का सहयोग लिया जाएगा। बताया कि इसके पीछे उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम जगाना है, ताकि आगे चलकर वे खुद से प्रकृति के संतुलन का ख्याल रखें। साथ ही कहा कि स्कूली बच्चों को यह भी बताया जाएगा कि पौधरोपण के फायदे क्या हैं, यह हमें भविष्य में कैसा योगदान देते हैं।
भागवतकर ने बताया कि समिति के द्वारा बीते डेढ़ माह से लगातार स्कूल परिसर के अलावा सुरक्षित स्थानों पर जहां जल की समुचित व्यवस्था है, वहां पौधरोपण किया जा रहा है। पर्यावरण समिति ने प्रथम चरण में अब तक 400 से ज्यादा पौधों का रोपण किया है। 16 अगस्त से दूसरा चरण प्रारंभ होगा जो पूरे एक माह तक चलेगा। इस दौरान स्कूलों और कालेजों में वर्कशॉप भी होंगे।