एक लाख वंदे मातरम गायन में ढोल और लेझिम बजाते शामिल होंगी महाराष्ट्र मंडळ की महिलाएं
रायपुर। साइंस कालेज मैदान में 11 अगस्त को सुबह 7 बजे एक लाख से अधिक लोग एक साथ वंदे भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन कर नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल की विभिन्न समितियां भी अपनी उपस्थिति देंगी। महाराष्ट्र मंडळ की महिलाएं इस आयोजन में ढोल और लेझिम बजाती हुई शामिल होंगी। इसके लिए महिलाओं ने अभ्यास शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि 11 अगस्त को इस कार्यक्रम का आयोजन ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मराठी समाज की महिलाएं और युवा भी शामिल होंगे। मराठी समाज के लोग अपने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल और लेझिम बजाते हुए पहुंचेगे। ढोल और लेझिम बजाने का प्रशिक्षण महाराष्ट्र मंडळ में 8 अगस्त से शाम को शुरू हो रहा है।
बता दें कि ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मराठी के साथ गुजराती, बंगाली, छत्तीसगढ़ी सहित कई समाज के लोग शामिल हो रहे है। सुबह 7 बजे निकलने वाली रैली में 1000 से अधिक भारतमाता की वेशभूषा में बहनों मार्च करेंगी। वहीं 1000 से अधिक बच्चे महापुरुषों की वेशभूषा में नजर आएंगे। सिख समाज द्वार गतका और बंगाली समाज द्वारा धुनुची आरती की जाएगी।