मंडल के सदस्यों ने किया ढोल और लेझिम का अभ्यास, 11 अगस्त को अनुपम गार्डन से साइंस कालेज तक देंगे प्रस्तुति
2023-08-08 05:39 PM
1103
रायपुर। साइंस कालेज मैदान में 11 अगस्त को सुबह 7 बजे एक लाख से अधिक लोग एक साथ वंदे भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन कर नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल की विभिन्न समितियां भी अपनी उपस्थिति देंगी। महाराष्ट्र मंडळ की महिलाएं और युवा भी इस आयोजन में ढोल और लेझिम बजाते हुई शामिल होंगे। मंडळ के सदस्यों ने 8 अगस्त को महाराष्ट्र मंडळ परिसर में इसका अभ्यास किया।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि 11 अगस्त को इस कार्यक्रम का आयोजन ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मराठी समाज की महिलाएं और युवा भी शामिल होंगे। मराठी समाज के लोग अपने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल और लेझिम बजाते हुए पहुंचेगे। हम सभी अनुपम गार्डन से साइंस कालेज मैदान तक ढोल और लेझिम बजाते हुए जाएंगे। इसका आज अभ्यास किया गया।
बता दें कि ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मराठी के साथ गुजराती, बंगाली, छत्तीसगढ़ी सहित कई समाज के लोग शामिल हो रहे है। सुबह 7 बजे निकलने वाली रैली में 1000 से अधिक भारतमाता की वेशभूषा में बहनों मार्च करेंगी। वहीं 1000 से अधिक बच्चे महापुरुषों की वेशभूषा में नजर आएंगे। सिख समाज द्वार गतका और बंगाली समाज द्वारा धुनुची आरती की जाएगी।