अधिकमास की एकादशी पर... महाराष्ट्र मंडल में होगा... विष्णुसहस्त्रनाम पाठ का विशेष आयोजन... तैयारियां जोरों पर
2023-08-09 03:15 PM
576
रायपुर। यूं तो अधिकमास हर तीसरे साल में आता है, लेकिन इस साल खास संयोग है जो 19 सालों बाद सावन के साथ अधिकमास आया है। इस संयोग की वजह से कई विशेष योगों का भी निर्माण हुआ है, जो मानव जीवन के लिए बेहद ही खास हैं। सावन में भगवान शिव की अराधना के साथ ही अधिकमास में भगवान विष्णु की उपासना से विशेष लाभ मिलते हैं। यह अधिकमास 16 अगस्त को समाप्त हो रहा है, इससे पहले 12 अगस्त को अधिकमास की एकादशी पड़ रही है, जिसे श्रेष्ठतम माना गया है।
महाराष्ट्र मंडल आध्यात्म समिति की प्रमुख आस्था काले ने इस विषय पर बताया कि ऐसे अवसर संयोगवश ही मिलते हैं, इसलिए 12 अगस्त को मंडल में एकादशी के मौके पर 'विष्णु सहस्त्रनाम' पाठ का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष पूजन के लिए इच्छुक लोगों को आमंत्रित किया गया है, जो जोड़े में बैठेंगे।
आस्था ने बताया कि 12 अगस्त को सुबह पूजन, विष्णु अभिषेक और फिर 'विष्णु सहस्त्रनाम' का 11 बार पाठ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब दो घंटे तक 'विष्णु सहस्त्रनाम' पाठ चलेगा। इस दिन पूजा में बैठने वाले जोड़े को व्रत धारण करना पड़ेगा। पूजन उपरांत फलाहार की व्यवस्था की गई है।
आस्था ने बताया कि 'विष्णु सहस्त्रनाम' उच्चारण की अशुद्धियों को दूर करने के लिए प्रतिदिन ऑनलाइन माध्यम से पाठ का अभ्यास जारी है। ताकि एकादशी के दिन जब विधिवत पूजन और पाठ करने के लिए जोड़ा बैठे, तो किसी तरह की दिक्कत का सामना ना करना पड़े।