दिव्य महाराष्ट्र मंडल

ढोल और लेझिम के अभ्यास में... पसीना बहा रहीं महाराष्ट्र मंडल की महिलाएं... एक लाख वंदे मातरम् गायन में होंगी शामिल

रायपुर। देश के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गायन को लेकर राजधानी रायपुर में विशेष आयोजन किया जा रहा है। 11 अगस्त को सुबह 7 बजे एक लाख से अधिक की संख्या में लोग राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में एकत्र होंगे, जो अपने—अपने तरीके से वंदे मातरम् गायन करेंगे। इसमें महाराष्ट्र मंडल की महिलाएं भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाली हैं। 

महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि 11 अगस्त को  इस कार्यक्रम का आयोजन ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है।  इस कार्यक्रम में मराठी समाज की महिलाएं और युवा भी शामिल होंगे। मराठी समाज के लोग अपने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल और लेझिम बजाते हुए पहुंचेगे। हम सभी अनुपम गार्डन से साइंस कालेज मैदान तक ढोल और लेझिम बजाते हुए जाएंगे। 
 
उन्होंने बताया कि महिलाओं के साथ ही युवाओं को भी इस विशेष आयोजन में शामिल किया गया है, जो ढोल बजाने में सहयोग करेंगे, तो लेझिम के साथ महिलाएं शामिल होंगी। बताया कि 11 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रतिदिन टीम में शामिल सभी सदस्य जमकर अभ्यास कर रहे हैं। 

बता दें कि ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मराठी के साथ गुजराती, बंगाली, छत्तीसगढ़ी सहित कई समाज के लोग शामिल हो रहे है। सुबह 7 बजे निकलने वाली रैली में 1000 से अधिक भारतमाता की वेशभूषा में बहनें मार्च करेंगी। वहीं 1000 से अधिक बच्चे महापुरुषों की वेशभूषा में नजर आएंगे। सिख समाज द्वार गतका और बंगाली समाज द्वारा धुनुची आरती की जाएगी।