महाराष्ट्र मंडल में आज सजेगी गीतों की महफिल... 'मिले सुर हमारा' की यह शाम... दिव्यांग बालिकाओं के नाम
2023-08-13 10:56 AM
289
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आज एक बार फिर गीतों की महफिल सजने वाली है। रविवार दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक गीत और संगीत का सुमधुर कार्यक्रम चलेगा। 'मिले सुर हमारा', मधु फाउंडेशन और रोटरी क्लब के सौजन्य से आयोजित यह कार्यक्रम मुख्य रूप से दिव्यांग बालिकाओं के मनोरंजन के लिए आयोजित किया गया है।
मिले सुर हमारा के होस्ट आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि आमतौर पर दिव्यांग बालिकाओं के मनोरंजन के लिए विशेष रूप से किसी तरह का आयोजन नहीं किया जाता। जिस पर महाराष्ट्र मंडल ने ध्यान दिया और उनके स्वस्थ मनोरंजन के लिए कदम बढ़ाया। जिस पर 'मिले सुर हमारा', मधु फाउंडेशन और रोटरी क्लब ने भी अपनी सहमति व्यक्त करते हुए इस आयोजन को करने का निर्णय लिया।
मोड़क ने बताया कि इस सुरमयी संध्या में महाराष्ट्र मंडल दिव्यांग बालिका गृह की बालिकाओं के अलावा प्रयास विद्यालय की दिव्यांग बालिकाओं और अन्य संस्थानों से दिव्यांग बालिकाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इन सभी बालिकाओं के मनोरंजन का पूरा ख्याल रखा जाएगा, उनके लिए सुमुधर गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
आगे बताया कि चूंकि हमारा स्वतंत्रता दिवस नजदीक है, ऐसे में इन बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए देशभक्ति गीतों की श्रृंखला पेश की जाएगी, वहीं देश के महान फनकारों के गीतों की भी प्रस्तुति दी जाएगी, जिसके माध्यम से उन महान गायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग बालिकाओं की फरमाईश भी पूरी की जाएगी।