दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में सजने वाली है... आज सुरों की शाम... दिव्यांग बालिकाओं के नाम

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में कुछ ही देर के इंतजार के बाद संगीत के सात सुरों की शानदार प्रस्तुति शुरु होने वाली है। 'मिले सुर हमारा' के फनकार आज दिव्यांग बालिकाओं को संगीत के रस में गोता लगवाने के लिए आतुर हैं। मधु फाउंडेशन और रोटरी क्लब के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 

संगीत ऐसा माध्यम है, जो खुशी और गम दोनों ही मौकों पर इंसान को तनाव से मुक्त रखता है। इसका जादू हर किसी को थिरकने और झूमने पर मजबूर कर देता है। संगीत के सानिध्य में आने वाला हर इंसान अपनी कमियों को भूलकर बस उस रस के आनंद में विभोर हो जाता है, जिसे सात सुरों का संगम कहा गया है। 

आज महाराष्ट्र मंडल ने एक बड़ी सोच को असल में उतारने का बीड़ा उठाया है। राजधानी की दिव्यांग बालिकाओं के लिए आयोजित इस 'सुरों की शाम' के जरिए एक खुशनुमा माहौल देने की पहल की है। 

इस कार्यक्रम को लेकर मिले सुर हमारा के होस्ट आचार्य रंजन मोड़क ने जैसा बताया है कि महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका गृह के अलावा राजधानी के प्रयास स्कूल की दिव्यांग छात्राओं सहित शहर के अन्य संस्थानों की दिव्यांग बालिकाओं के लिए यह विशेष आयोजन किया जा रहा है। ताकि उन्हें भी हंसने, गुनगुनाने और खिलखिलाने का मौका मिले।