महाराष्ट्र मंडल में अध्यक्ष काळे करेंगे झंडारोहन... वीर योद्धाओं को दी जाएगी श्रद्धांजलि
2023-08-14 01:40 PM
602
रायपुर। मंगलवार को देशभर में स्वतंत्रता की 76 वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी। देश की आजादी के इस अमृतकाल को लेकर परंपरा के अनुसार महाराष्ट्र मंडल में झंडारोहन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मंडल के अध्यक्ष अजय काळे सुबह 7.30 बजे सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में झंडारोहण करेंगे।
महाराष्ट्र मंडल के सचेतक रविन्द्र ठेंगड़ी ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि राजधानी रायपुर में महाराष्ट्र मंडल विगत 87 वर्षों से सामाजिक सेवा के कार्यों में निरंतर गतिशील है। आजादी के पूर्व से संचालित हो रहे महाराष्ट्र मंडल ने गुलामी के उस दौर को भी देखा है, तो आजादी के लिए खुद को बलिदान करने वाले महान वीरों को भी करीब से जाना है।
उन्होंने बताया कि आज हम आजादी के जिस अमृतकाल को महोत्सव के तौर पर मना रहे हैं, उस आजादी के लिए हमारे वीर योद्धाओं ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ एकजुटता का परिचय दिया और कंधे से कंधा मिलाकर अपने जीवन को देश की अस्मिता के लिए बलिदान कर दिया।
15 अगस्त देश के लिए एक ऐसा दिन है, जब हम अपनी आजादी का जश्न मनाते हैं, तो अपने उन वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनकी वजह से भारत आज स्वतंत्र गणराज्य के तौर पर विश्व में हर दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।