दिव्यांग बालिका गृह में महाराष्ट्र मंडल उपाध्यक्ष खंगन ने फहराया तिरंगा... कहा, भारत गरीब ना था, ना है, ना होगा
2023-08-15 11:21 AM
877
रायपुर। देश की आजादी को 76 वर्ष पूरे कर हम आज 77 वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं। आज देशभर में 77 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। दिल्ली के लाल किले से लेकर रायपुर के पुलिस ग्राउंड सहित विभिन्न जगहों पर पूरे उत्साह और उमंग के साथ तिरंगा फहराने का क्रम चलता रहा।
इस बीच महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका विकास गृह में भी स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि महाराष्ट्र मंडल के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने यहां पर तिरंगा फहराया। इस मौके पर अपने सारगर्भित उद्बोधन में उन्होंने कहा, भारत को गरीब देश बताया जाता है, लेकिन वास्तविकता इससे परे है।

उन्होंने कहा कि भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता रहा है। हमारे मंदिरों, राजमहलों में सोने का अकूत भंडार था, जिसे विदेशी आक्रांताओं ने जमकर लूटा। इसके बाद व्यापार के बहाने अंग्रेजों ने हमारे देश को अपना गुलाम बना लिया। विदेशी ताकतें भारत पर हावी हो सकीं, क्योंकि भारत के लोग सहिष्णु थे, भोलेभाले थे, उन्हें कपट की भाषा समझ नहीं आती थी, जिसकी वजह से हम अपनी आजादी को बचा नहीं पाए और उनके गुलाम हो गए।
उपाध्यक्ष खंगन ने कहा कि हमारे देश के वीर बलिदानियों की वजह से आज हम 77 साल की आजादी का पर्व मना रहे हैं, जिसे बरकरार रखना हमारी जिम्मेदारी है, हमारे बाद आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जाति, धर्म का भेद कर हमें आपस में लड़ाया जा रहा है, उससे ऊपर उठकर सोचने और छलपूर्ण बातों को समझकर उससे बचे रहने की आवश्यकता है। तभी हमारी आजादी बची रहेगी और हमारा देश सर्वशक्तिमान होकर विश्व पर राज करने की क्षमता हासिल कर पाएगा।