दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शंकर नगर बाल वाचनालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस... स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने मोह लिया मन

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित शंकर नगर बाल वाचनालय में शानदार आयोजन किया गया। बाल वाचनालय और शंकर नगर महिला केंद्र के साथ इस आयोजन में स्थानीय पदमावती विद्यालय ने भी सहभागिता प्रदर्शित की, जहां के बच्चों ने इस पावन अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। 

77 वें स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ आजीवन सदस्य अनिल नलगुंडवार ने देश की आन—बान—शान के प्रतीक तिरंगा झंडा फहराया, जिसके बाद मौजूद स्कूली बच्चों सहित उपस्थित जनों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। 

इस मौके पर अपने उद्बोधन में मंडल के वरिष्ठ सदस्य और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नलगुंडवार ने कहा कि आजादी के इस महत्व को हम अपने अगली पीढ़ी को बताते चलें, उन वीर योद्धाओं की कहानियां हमारे बच्चे हमेशा याद रखें, इस बात का ख्याल हम सभी को रखना होगा। उन्होंने स्कूली बच्चों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये नौनिहाल इस आजादी को महज एक जश्न ना समझें, बल्कि यह भी जानें कि वास्तव में हम स्वतंत्रता दिवस क्यों मनाते हैं, इसके पीछे की हकीकत क्या है, यह भी उन्हें पता होना चाहिए। तब जाकर वे अपनी आने वाली पीढ़ियों को इस सच्चाई से वाकिफ करा पाएंगे। 

उन्होंने कहा कि आज हम आर्थिक दृष्टिकोण से संपन्न राष्ट्रों की सूची में शामिल हो चुके हैं और जिस तेजी से हमारा देश प्रगति कर रहा है, वो दिन दूर नहीं जब भारत विश्व का पहला राष्ट्र बनकर शिखर पर विराजमान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरक्की को बरकरार रखने के लिए परिवारों के साथ ही समाज को अपने कदम तेजी से बढ़ाना है और देश को उस मुकाम तक पहुंचने में सहयोग प्रदान करना है। 

इस दौरान शंकर नगर महिला केंद्र की वरिष्ठ सदस्या ने देशभक्ति पर एक गीत प्रस्तुत किया। उनके द्वारा प्रस्तुत यह गीत जितना सजीला था, उतना ही अंर्तमन को जागृत करने वाला भी था।
 

उनके उद्बोधन के पश्चात इस कार्यक्रम में सहभागी बने पद्मावती स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति के गीतो पर उम्दा प्रदर्शन किया। इस मौके पर स्कूली बच्चों के अलावा पूरा स्टॉफ भी मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन शंकर नगर बाल वाचनालय की प्रभारी गीता दलाल ने किया। तो वहीं आभार प्रदर्शन विनोद राखुंडे ने किया।