दिव्य महाराष्ट्र मंडल

40 सालों से आध्यात्मिक सफर पर...नीताताई का महाराष्ट्र मंडल ने किया आत्मीय सम्मान... कहा, मंडल आकर हुई प्रसन्नता

रायपुर। बीते 40 सालों से धर्म, आध्यात्म और व्यक्तित्व का विश्लेषण कर रही नीताताई पुल्लीवार का मंगलवार शाम महाराष्ट्र मंडल आगमन हुआ। मंडल अध्यक्ष अजय काले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सचिव चेतन दंडवते सहित पदाधिकारियों की मौजूदगी में उनका आत्मीय सम्मान किया गया। अपने आध्यात्मिक सफर के दौरान उन्होंने देश के कई शहरों का भ्रमण किया और ज्ञान की गंगा भी बहाई। उनका उद्देश्य ज्ञानेश्वरी ग्रंथ को हर घर तक पहुंचाना है, ताकि लोग उसका अध्ययन करें और अपने जीवन को सार्थक बना सकें। 

महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की प्रभारी आस्था काले ने बताया कि नीताताई पुल्लीवार 17 अगस्त से रायपुर प्रवास पर हैं। इस बीच उन्होंने तात्यापारा हनुमान मंदिर में श्रीकृष्ण जी के ज्ञान को भक्तों तक बेहद सरलता के साथ पहुंचाया। उन रोचक तथ्यों से अवगत कराया, सामान्यत: जिसका विश्लेषण नहीं किया जाता। 
 

महाराष्ट्र मंडल में नीताताई के सम्मान के दौरान मंडल अध्यक्ष अजय काले ने उन्हें अवगत कराते हुए बताया कि विगत 88 वर्षों से महाराष्ट्र मंडल निरंतर समाजिकता, संस्कृति और शैक्षणिक गतिविधियों को संचालित करता आ रहा है। इसके साथ ही बताया कि महाराष्ट्र मंडल दिव्यांग बालिकाओं के लिए विकास गृह का संचालन भी कर रहा है, तो कामकाजी महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वसती गृह का संचालन भी कर रहा है। 
 

महाराष्ट्र मंडल की गतिविधियों की जानकारी से अवगत होते हुए नीताताई पुल्लीवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि परस्पर सहयोग के साथ ही महाराष्ट्र मंडल का समाजिकता, संस्कृति और शिक्षा के लिए किया जाने वाला कार्य अति सराहनीय है। उन्होंने अध्यक्ष काले सहित महाराष्ट्र मंडल के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं दी।
 

निरंतर जारी है नीता ताई का आध्यात्मिक सफर
नीता ताई 74 वर्ष की हो चुकी हैं। महज 34 की उम्र से उन्होंने ज्ञानेश्वरी ग्रंथ का प्रचार शुरु किया था, जो निरंतर जारी है। उनकी सहयोगी ज्योति डोंडस ने बताया कि नीता ताई आध्यात्मक स्कूल का भी संचालन किया करती थीं। आगे बताया कि प्रतिदिन प्रवचन के माध्यम से लोगों का ज्ञानवर्धन किया करती थीं, लेकिन कोरोना के दौरान प्रवचन बंद पड़ा। इस बीच उन्होंने पोती के कहने पर 6 महिलाओं को लेकर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। अब 34 ग्रुपों में साढ़े 6 हजार लोगों की मौजूदगी है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन इन व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए नीता ताई के प्रवचन का वीडियो लोगों तक पहुंच रहा है और जुड़ने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।