दिव्य महाराष्ट्र मंडल

चंद्रयान 3 के सफल वैज्ञानिक भरत... कैसे पहुंचा इसरो... आकाशवाणी के साक्षात्कार में बताएंगे महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ सदस्य जोगलेकर

रायपुर। चंद्रयान—3 की सफलता आज हर किसी की जुबान में है। देश के इतिहास में 23 अगस्त 2023 एक सुनहरे अक्षर में लिखा जा चुका है। इसरो की चार सालों की अथक मेहनत का परिणाम बुधवार शाम 6.10 मिनट पर दुनिया ने अपनी आंखों से देखा और साक्षी बने। वास्तव में इस खुशी को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत का परिणाम था। 

चंद्रयान—3 की सफलता में छत्तीसगढ़ का नाम भी सम्मान के साथ शामिल हुआ है। भारत के इस सपने को पूरा करने में भिलाई के भरत के योगदान को उल्लेखित करना हम सबकी जिम्मेदारी है, तो भरत को चंद्रयान—3 मिशन के सदस्य बनाने वाले उस शख्सियत को कैसे छोड़ा जा सकता है, जिनका विश्वास था कि वे जिस पर भरोसा करने का साहस जुटा रहे हैं, एक दिन देशभर में उसका नाम एक बड़े खिताब के साथ जुड़ जाएगा।
 
 

भरत कुमार, भिलाई के एक कोयले खान में पला बढ़ा। उसके भीतर योग्यता थी, क्षमता थी और ख्वाब भी था कि वह आईआईटी करे। उसके मन में पल रहे उस ख्वाब को पूरा करने फरिश्ता बनकर महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ सदस्य उसी किशोर की तलाश में उस कोयले की खान तक पहुंच गए। उसे आईआईटी में दाखिला मिल सके, इसलिए उन्होंने हर स्तर पर भरत कुमार को मदद करते रहे। इसका परिणाम सबके सामने आ चुका है। भरत इसरो का वह मैकेनिकल इंजीनियर और वैज्ञानिक है, जिसने चंद्रयान—3 के बनने से लेकर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में लैंडिंग करने तक योगदान दिया है। 

प्रदेश के उस सफल वैज्ञानिक भरत कुमार को सही राह दिखाने वाले ऐसे महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी रामदास यशवंत जोगलेकर का साक्षात्कार 25 अगस्त सुबह 8.30 बजे आकाशवाणी रायपुर के प्रायमरी चैनल से प्रसारित होगा। उनका यह साक्षात्कार आकाशवाणी पर महाराष्ट्र मंडल के ही सदस्य दीपक हटवार लेंगे। इसे मोबाइल एप news on air पर भी सुन सकते हैं।