दिव्य महाराष्ट्र मंडल

संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में चंद्रयान 3 की सफलता पर जश्न... मनाई गई शहीद राजगुरु की जयंती

रायपुर। दुर्लभ लेकिन बेहद दिलचस्प संयोग वाली बात है कि भारत का सुनहरा सपना और इसरो की मेहनत चंद्रयान—3 सफलतापूर्वक 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा पर लैंड हो गया, तो वहीं ठीक दूसरे दिन यानी 24 अगस्त को आजाद भारत के लिए बलिदान हुए शहीद राजगुरु की जयंती थी। 

महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में इन दोनों ही आयोजन किया गया। एक ओर आजाद भारत के लिए मर मिटने वाले शहीद राजगुरु की जयंती मनाई गई, तो साथ ही चंद्रयान—3 की सफलता का जश्न भी स्कूली बच्चों ने मनाया। 

संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि 23 अगस्त की सुबह से ही स्कूल के सारे बच्चों का ध्यान चंद्रयान के लैंडिंग पर था। सभी को उस ऐतिहासिक पल का इंतजार था, हालांकि चंद्रयान की लैंडिंग शाम 6.10 मिनट पर अपने निर्धारित समय पर ही हुई, तब तक स्कूल की छुट्टी हो गई थी, लेकिन संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों में दूसरे दिन उत्साह चरम पर था। 

उन्होंने बताया कि संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में गुरूवार को चंद्रयान 3 की सफलता को याद करते हुए विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा 'चाँद पर तिरंगा फहराया' इस विषय पर बच्चों ने उल्लेख किया है कि भारत के लिए गर्व की बात है। अब तक कोई भी देश चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर नहीं पहुँचा है। वहाँ पहुँचने वाला भारत प्रथम देश है। 

प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने इस मिशन की सफलता और उपलब्धि की जानकारी विद्यार्थियों को दी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समझाया। साथ ही इसरो में छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिकों के योगदान से भी बच्चों को अवगत कराया। इस मौके पर इस मिशन की सफलता के लिए बच्चों ने देशभक्ति गीत गाया गया।