मतदाता जागरूकता अभियान में... महाराष्ट्र मंडल ने निभाई सजग भूमिका... दिव्यांग बालिकाओं ने दिया सार्थक संदेश
2023-08-26 09:54 AM
804
रायपुर। आसन्न विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर निर्वाचन आयोग ने शनिवार को राजधानी रायपुर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। सुशासन के लिए हर किसी का मत कितना जरुरी, अपने अधिकारों के लिए मतदान करना क्यों आवश्यक है, इन प्रमुख बातों की तरफ आम जनता, जिन्हें मत देने का अधिकार है को जागरूक करने अभियान चलाया गया।

निर्वाचन आयोग के इस जागरूकता अभियान में महाराष्ट्र मंडल की भूमिका हर बार सार्थक होती है, लिहाजा आम जनता के बीच संदेश पहुंचाने के लिए इस भी महाराष्ट्र मंडल जागरूकता अभियान में अहम भूमिका का निर्वहन कर रहा है। शनिवार को जागरूकता अभियान के लिए निकाली गई रैली में महाराष्ट्र मंडल की पर्यावरण ईकाई ने सहयोग किया। पर्यावरण समिति प्रमुख अभय भागवतकर ने बताया कि इस अभियान में उनकी समिति के अधिकांश लोग उपस्थित थे और रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की कोशिश करते रहे।

वहीं महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका विकास गृह की छात्राओं ने भी इस मतदाता जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया और मताधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास करते हुए संदेश भी दिया। दिव्यांग बालिका विकास गृह की वार्डन रमा नाहरगडकर बच्चियों को लेकर जागरूकता अभियान रैली में शामिल हुई। उन्होंने बताया कि यहां पर दिव्यांग बच्चियों ने बोर्ड पर प्रेरक संदेश लिखकर मतदाताओं को जागरूक करने में अहम भूमिका का निर्वहन किया।