संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में मनाई गई 'जन्माष्टमी'... बच्चे बने 'राधा—कृष्ण'... संत ज्ञानेश्वर की भी मनाई गई जयंती
2023-09-06 12:24 PM
1706
रायपुर। देशभर में आज जन्माष्टमी को लेकर धूम मची हुई है। घर से लेकर मंदिरों तक में साज सज्जा और आयोजनों को लेकर तैयारियों का दौर चल रहा है। अधिकांश स्कूलों में जन्माष्टमी पर विशेष कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में भी 6 सितंबर को 'जन्माष्टमी' मनाई गई।
बता दें कि 6 सितंबर को ही संत ज्ञानेश्वर जी महाराज की भी जयंती है। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित स्कूल संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के नाम से ही राजधानी में विख्यात है। बुधवार को विशेष संयोग के साथ एक ओर जहां 'जन्माष्टमी' का पावन पर्व मनाया गया, तो संत ज्ञानेश्वर जी महाराज की जयंती भी मनाई गई।

संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की कार्यक्रम प्रभारी शिक्षिका अर्पणा आठले ने बताया कि इस मौके पर बच्चे राधा और कृष्ण की तरह पूर्ण साज—सज्जा के साथ उनकी वेशभूषा में नजर आए, तो एक बच्चे ने संत ज्ञानेश्वर जी महाराज का स्वरूप धारण किया। इस मौके पर बच्चों ने सुंदर नृत्य का प्रदर्शन किया, तो कविता और भजन के माध्यम से मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

इस मौके पर संत ज्ञानेश्वर जी महाराज की कृतियां, पसायदान और उनके आशीर्वचन से भी बच्चों को अवगत कराया गया। संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में आयोजित इस युगल कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल से अवंती अग्निहोत्री, सुकृत गनोद वाले, एवं प्रसन्ना निमोनकर भी उपस्थित थे। आयोजन का शुभारंभ उप प्राचार्य राहुल वोद्दीतेलवार के द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिखा शर्मा एवं विनीता सुंदरानी ने किया और अंत में विद्यालय की शिक्षिका प्रीति तिवारी ने आभार व्यक्त किया।