संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सभी शिक्षकों का... महाराष्ट्र मंडल ने किया शिक्षक दिवस पर सम्मान
2023-09-06 07:08 PM
693
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सभी अध्यापकों का बुधवार को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सम्मान किया गया। मंडल के नवनिर्मित भवन में एक गरिमामयी समारोह के तहत शिक्षकों को उनके कार्यों के लिए मिला सम्मान, उनके लगन और उनकी कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है।
यूं तो शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाया जाता है, पर वास्तव में देखा जाए तो इंसान को ज्ञान का प्रकाश पूंज सौंपने वाले शिक्षकों के सम्मान के लिए किसी निर्धारित समय की आवश्यकता नहीं होती। इस शिक्षक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित डॉ. विजय जोशी, सेवानिवृत्त प्राध्यापक, शासकीय दूधाधारी महिला महाविद्यालय ने कही। उन्होंने कहा कि हम 5 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के सम्मान में शिक्षक दिवस के तौर पर याद करते हैं।

इस मौके पर मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि प्रत्येक मानव के जीवन में शिक्षक वो पूंजी है, जिसे आपसे महज मान मिल जाए, तो वह आपके लिए अपना सर्वस्व त्यागने के लिए तैयार रहता है। शिक्षक की डांट—फटकार में भी ज्ञान होता है, जिसे सहजता से स्वीकार करना चाहिए, क्योंकि जीवन के कठिन अवसरों पर शिक्षकों का वही ज्ञान आपको पार लगा सकता है।

महाराष्ट्र मंडल में आयोजित इस शिक्षक सम्मान समारोह में मंडल के वरिष्ठ सदस्य अनिल कालेले, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, स्वास्थ्य प्रमुख अरविंद जोशी, रंजन मोड़क और अभय भागवतकर सहित अन्य प्रमुख सदस्य व संत ज्ञानेश्वर स्कूल के उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन सह सचिव सुकृत गनौदवाले ने किया।