संत ज्ञानेश्वर स्कूल में बच्चों ने किया शिक्षक- शिक्षिकाओं का सम्मान, महाराष्ट्र मंडल में पदाधिकारियों ने गुरुजनों को उपहार देकर की स्तुति
2023-09-07 03:52 PM
285
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय (एसडीवी) में शिक्षक दिवस के मौके पर बच्चों ने मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। साथ ही उन्होंने अपने गुरुजनों का सम्मान किया। इस बीच चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में एसडीवी का टीचर स्टाफ सम्मानित किया गया।
शिक्षिका आराधना लाल ने बताया कि एसडीवी में हेड बॉय अमन पांडे ने शिक्षकों के संबंध में स्वरचित कविता पढ़कर उन्हें महिमामंडित किया। स्कूल की सांस्कृतिक प्रमुख निशिता रोकड़े ने नृत्य और गायन से कार्यक्रम में समा बांधा। इसके अलावा एक से बढ़कर एक कार्यक्रम हुए। जिसकी शिक्षिकाओं- शिक्षकों ने काफी सराहना की। कार्यक्रम के अंत में हेड गर्ल इशिका वैष्णव ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार व वरिष्ठ शिक्षिकाओं ने बच्चों के लिए आशीर्वचन कहे।
इधर महाराष्ट्र मंडल में दूधाधारी महिला महाविद्यालय के सेवानिवृत प्राध्यापक डॉ. विजय जोशी के मुख्य अतिथि में शिक्षक दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि बच्चों की प्रतिभा, कुशाग्र बुद्धि के साथ-साथ संत ज्ञानेश्वर स्कूल के अनुभवी व दक्ष शिक्षक- शिक्षिकाओं की मेहनत का ही परिणाम है कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बारहवीं की प्रावीण्य सूची में हमारी शाला के दो बच्चों मुस्कान सिंह और कुंदन बियानी ने प्रवीण सूची पर स्थान बनाया। इतना ही नहीं संत ज्ञानेश्वर स्कूल की पूर्व छात्रा और स्टेट पीएससी में 2017 बैच की भावना साहू अभी डिप्टी कलेक्टर के रूप में सक्रिय हैं।
मुख्य अतिथि प्राध्यापक डॉ. विजय जोशी ने कहा कि शिक्षक छात्रों को ज्ञान का प्रकाश पुंज सौंपते हैं और इसी ज्ञान की वजह से विद्यार्थी अपने जीवन में सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में 5 सितंबर को भले ही मनाई जाती हो, लेकिन शिक्षकों का सम्मान करने का एक दिन निर्धारित नहीं किया जा सकता। शिक्षक वर्षभर आदरणीय होते हैं, पूजनीय होते हैं और उनका सम्मान कभी भी किया जा सकता है।
इस मौके पर स्कूल के उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार सहित एसडीवी के समस्त शिक्षकों- शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले, मेस व भवन प्रभारी दीपक किरवईवाले, स्वास्थ्य समिति के प्रभारी अरविंद जोशी महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले महाराष्ट्र नाट्य मंडल में हिंदी प्रभाग के प्रभारी रंजन मोडक, पर्यावरण समिति के प्रभारी अभय भागवतकर सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहसचिव सुकृत गनोदवाले ने किया।