महाराष्ट्र मंडळ में 19 से मचेगी गणेशोत्सव का धूम, 19 से 28 तक होंगे विविध आयोजन
2023-09-12 04:15 PM
721
रायपुर। गणेश उत्सव का पर्व हो और महाराष्ट्र मंडळ की बात न हो ऐसा हो ही नहीं सकता। महाराष्ट्र मंडल रायपुर में 19 सितंबर से गणेशोत्सव की धूम मचेगी। 28 सितंबर तक लगातार विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम मंडळ की विभिन्न समितियों द्वारा किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडळ ने गणेशोत्सव पर इस बार गणेश उत्सव के सूत्रधार लोक मान्य बाल गंगाधर तिलक की फोटो लगाने का आह्वान राजधानी की सभी गणेश समितियों से किया है।
महाराष्ट्र मंडळ के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि 19 सितंबर को भगवान श्रीगणेश की स्थापना, पूजा और सामूहिक शीर्ष पाठ होगा। वहीं 20 सितंबर को श्रीमती कमल ताई शेष स्मृति सुगम संगीत स्पर्धा का आयोजन मंडळ की कला एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा किया जाएगा। 21 सितंबर को दिव्यांग बालिका गृह, कामकाजी महिला वसतीगृह और संत ज्ञानेश्वर स्कूल द्वारा कार्यक्रम मंडळ की खेलकूद समिति की अगुवाई में होगा।
दंडवते ने आगे बताया कि 22 सिंतबर को मंडल की युवा समिति द्वारा शालेय स्तरीय वाद-विवाद, सुलेख स्पर्धा और रायपुर शहर स्तरीय चित्रकला स्पर्धा का आयोजन होगा। वहीं शनिवार 23 सितंबर को साहित्य समिति की ओर से कैसे स्मार्ट हो हमारी रायपुर सिटी थीम पर नागरिक संवाद होगा। रविवार 24 सितंबर का दिन सबसे खास होगा। इस दिन महाराष्ट्र नाट्य मंडळ की ओर से दो नाटक चोर आलेच पाहिजेत और विठ्ठल तो आला आला का मंचन नाट्य मंडळ के प्रमुख प्रो. अनिल काळेले के मार्गदर्शन में होगा।
उन्होंने आगे बताया कि 25 सितंबर को मंड़ळ की समस्त महिला केंद्र द्वारा पाल्य क्लासिकल नृत्य स्पर्धा, 26 को पर्यावरण समिति द्वारा संगीतमय प्रस्तुति होगी। 27 सितंबर को कला एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा मंडळ के आजीवन सदस्यों के लिए प्रस्तुति होगी। वहीं 28 सितंबर को हवन पूजन के साथ श्रीगणेश का विसर्जन होगा।