संत ज्ञानेश्वर स्कूल में मिशन मंगल टीम के आदित्य और डिप्टी कलेक्टर भावना का सम्मान 13 सितंबर को
2023-09-12 08:48 PM
1058
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल में बुधवार गौरवशाली दिन होगा, जब शाला की दो प्रतिभाओं भूतपूर्व छात्रों, इसरो के विज्ञानी आर आदित्य और सीजीपीएससी में टाॅप कर डिप्टी कलेक्टर बनीं भावना साहू को सम्मानित किया जाएगा। 23 अगस्त को चंद्रमा के साउथ पोल पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद आर आदित्य फिलहाल रायपुर आए हुए हैं। उन्होंने मंगल मिशन की सफलता में भी बेहतरीन भूमिका निभाई थी।
शाला के उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र मंडळ के आजीवन सदस्य पद्मश्री डा. अरूण दाबके है। उन्होंने आगे बताया कि दोनों ही प्रतिभाशाली छात्र आदित्य और भावना 'बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे करें', 'करियर कैसे बनाएं' जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही उन्होंने अपनी कामयाबी का सफर कैसे तय किया, यह भी बताएंगे। इस आयोजन में आर. आदित्य अपनी पत्नी इतिका के साथ और भावना साहू अपने माता-पिता रोहित और मीना साहू के साथ शामिल होंगी।
प्रियदर्शनी नगर स्थित स्कूल में दोपहर 12:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में दोनों ही प्रतिभाशाली छात्रों को शाल श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष भी संत ज्ञानेश्वर स्कूल के दो बच्चे कुंदन बियानी व मुस्कान सिंह 12वीं बोर्ड की परीक्षा में प्रवीण सूची में स्थान बनाने में सफल रहे थे।