नन्हीं आंखों से सपने देखना और छोटे-छोटे कदमों के साथ उसे पूरा करना.... आपका लक्ष्य आपको जरूर मिलेगा
2023-09-13 04:39 PM
1440
रायपुर। जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य का निर्धारण करना बेहद जरूरी है। अपनी नन्हीं आंखों से सपने देखना और उन सपनों को पाने के लिए जीवन के नन्हें नन्हें कदम उठाना ही सफलता का सबसे बड़ा सूत्र है। लक्ष्य से बिना डिगे खड़ा रहना ही सफलता का संघर्ष है। उक्त बातें आज संत ज्ञानेश्वर स्कूल पहुंचे विज्ञानी आर आदित्य और डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित भावना साहू ने बच्चों से कहीं।
महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में 13 सितंबर को स्कूल के दो पूर्व छात्र पहुंचे थे, जिन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित किया और उसे हासिल करके दिखाया। उनकी इस सफलता के लिए संत ज्ञानेश्वर स्कूल सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉक्टर अरुण दाबके थे। इस अवसर पर मंडळ के सचिव चेतन दंडवते भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के शुरूआत दीप प्रज्जवलन के साथ की गई। स्कूल के उपप्राचार्य राहुल सर ने परंपरागत तरीके से सूत की माला पहनाकर आर आदित्य और भावना साहू का सम्मान किया। इसरो में कार्यरत विज्ञानी आर आदित्य और डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित भावना साहू सालों पर स्कूल पहुंचकर काफी खुश नजर आए।
मुख्य अथिति पद्मश्री डा. अरूण दाबके ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित करके उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपने लक्ष्य से हटना नहीं चाहिए। संघर्ष से ही सफलता मिलती है। विज्ञानी आर आदित्य ने बच्चों को चंद्रयान-2 और चंद्रयान- 3 के बारे में बताया। आदित्य ने कहा कि सफलता के लिए अपने काम को मेहनत से करने की जरूरत है। वहीं डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित भावना साहू ने सीजीपीएससी की तैयारी के बारे में विस्तृत से बताया।
स्कूल के बच्चों ने आर आदित्य और भावना साहू से कई सवाल भी पूछे। दोनों से बच्चों के सवालों को सहजता से जवाब दिया। उप प्राचार्य राहुल सर ने आदित्य के साथ स्कूल के दिनों को याद करते हुए उसकी सराहना की तथा उसे एक बेहतरीन छात्र बताया। महाराष्ट्र मंडल के सह सचिव दलाल मैडम ने आदित्य के माता पिता के साथ बिताए हुए क्षणों को साझा किया तथा आदित्य के बचपन की बातें विद्यार्थियों को बताएं। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन शिक्षिका आराधना लाल ने किया। कार्यक्रम में सह सचिव गीता दलाल, सुकृत गनौदवाले, नमिता शेष, अपर्णा देशमुख, अभय भगवतकर, लक्ष्मीकांत चौधरी भी उपस्थित थें।