मंडळ में स्थापित हुए श्रीगणेश, आज शाम होगी सुगम संगीत स्पर्धा... जानें किस दिन होगा कौन सा कार्यक्रम
रायपुर। महाराष्ट्र मंडळ में शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव का शुभारंभ 19 सितंबर को श्रीगणेश की स्थापना के साथ शुरू हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीगणेश की स्थापना आचार्य चेतन दंडवते ने कराई। यजमान के रुप में मंडळ के वरिष्ठ सदस्य विनोद शेष उपस्थित थे।
गणेशोत्सव समिति प्रभारी दीपक किरवईवाले ने बताया कि 19 सितंबर को शाम पूरे विधि विधान से भगवान श्रीगणेश की स्थापना की गई। तत्पश्चात भगवान की आरती और प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंडळ के सदस्य उपस्थित थे।
दीपक किरवईवाले ने बताया कि 20 से लेकर 27 सितंबर तक लगातार मंडळ के विभिन्न प्रकल्पों की ओर से विविध आयोजन किया जाना है। 20 सितंबर को मंडळ की कला एवं संस्कृति समिति की ओर से श्रीमती कमल ताई शेष स्मृति सुगम संगीत स्पर्धा का आयोजन किया गया है। समिति की प्रभारी भारती पलसोदकर ने बताया कि यह खुली स्पर्धा समस्त आयु वर्ग के लिए होगी।
21 सितंबर, गुरुवार को मंडल की खेलकूद समिति मंडल के प्रकल्पों दिव्यांग बालिका विकास गृह, कामकाजी महिला वसती गृह और संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। मंडल की युवा समिति के प्रभारी विनोद राखुंडे ने बताया कि 22 सितंबर, शुक्रवार को नगर स्तरीय शालेय वाद विवाद स्पर्धा और सुलेख स्पर्धा होगी। 9वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए वाद विवाद का विषय 'विद्यार्थियों के लिए सोशल मीडिया वरदान या अभिशाप' रखा गया है। 10वीं कक्षा व इससे बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थी 'आज की आवश्यकता पर्यावरण या प्रौद्योगिकी' विषय पर वाद विवाद करेंगे। इस मौके पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकला स्पर्धा भी आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ आजीवन सभासद विजय लाड होंगे।
साहित्य समिति की प्रभारी कुमुद लाड के अनुसार 23 सितंबर, शनिवार को नागरिक संवाद का भव्य आयोजन किया जाएगा। 'कैसे स्मार्ट हो हमारी स्मार्ट सिटी' में नगर के सुप्रसिद्ध वक्ता अमिताभ दुबे, शिल्पा नाहर, प्रवीण जैन, डॉ. बाला कृष्णन, नितिन श्रीवास्तव और मनीष पिल्लीवार अलग- अलग पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। मंच का संचालन प्रसन्न निमोणकर करेंगे।
रविवार, 24 सितंबर को महाराष्ट्र नाट्य मंडल संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर दो मराठी एकांकी का मंचन करेगा। नाट्य मंडल की अध्यक्ष अभया जोगलेकर ने बताया कि डॉ. वसंत सबनीस लिखित एकांकीका 'चोर आलेच पाहिजेत' और पु. ल. देशपांडे लिखित सुप्रसिद्ध एवं भारत में विभिन्न भाषाओं में सर्वाधिक मंचित नाटकों में से एक 'विट्ठल तो आला आला' का मंचन किया जाएगा। इन दोनों ही नाटकों का निर्देशन प्रा. अनिल श्रीराम कालेले करेंगे।
25 सितंबर, सोमवार को महाराष्ट्र मंडल सदस्य पाल्य क्लासिकल नृत्य स्पर्धा का आयोजन किया गया है।मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले के अनुसार महाराष्ट्र मंडल के सभी आजीवन सभासदों के लिए ओपन मंच वाले इस कार्यक्रम को मंडल के सभी 14 महिला केंद्र आयोजित करेंगे। पर्यावरण समिति के प्रभारी अभय भागवतकर के अनुसार 26 सितंबर, मंगलवार को इंदौर की सुप्रसिद्ध गायिका शुभांगी अंबरडेकर पारुलकर का सुगम संगीत का कार्यक्रम होगा। हारमोनियम पर डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति और तबले पर बी. शरद कुमार संगत देंगे।
कला एवं सांस्कृतिक समिति के रंजन मोडक ने बताया कि 27 सितंबर, बुधवार को महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सदस्यों को विविध मनोरंजक प्रस्तुतियों के लिए मंच पर आमंत्रित किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम को लेकर अभी से अपनी- अपनी प्रस्तुतियों को लेकर प्रतिभागियों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। साथ ही नाम जुड़वाने के लिए अभी भी प्रतिभागियों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
28 सितंबर, गुरुवार को शाम 5:00 बजे महाराष्ट्र मंडल की सभी समितियां कार्यकारिणी सदस्य, पूजा- पाठ, होम- हवन के बाद जुलूस निकालकर श्री गणेश प्रतिमा का महादेव घाट में विसर्जन करेंगे।