महाराष्ट्र मंडल में लगे शिविर में 31 यूनिट रक्तदान, अग्रवाल सभा और महाराष्ट्र मंडल का आयोजन
2023-10-08 04:33 PM
612
रायपुर। चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ में 8 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई, अग्रवाल सभा रायपुर और महाराष्ट्र मंडल रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर रक्तदाताओं ने 32 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान को लेकर सभी में उत्साह नजर आया। मधु अग्रवाल, अनुज काळे सहित कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया।
एमएमआई नारायणा हास्पिटल ब्लड बैंक की टीम शिविर में पहुंची थी। महाराष्ट्र मंडल की स्वास्थ्य समिति के प्रभारी अरविंद जोशी ने बताया कि शिविर में 32 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में ज्यादा लोग आए थे, लेकिन स्वास्थ्यगत कारणों से कई लोगों को रक्त नहीं लिया जा सका। शिविर को अच्छा प्रतिसाद मिला।

अग्रवाल सभा रायपुर के कमल गुप्ता के मुताबिक अग्रसेन जयंती के मौके पर रक्तदान पखवाड़ा जारी है। इसके तहत रक्तदान शिविर के लिए हमने काफी पहले से ही प्रचार- प्रसार और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया था। शिविर में शामिल होकर काफी लोगों ने रक्तदान किया।
महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे ने रक्तदान करते हुए लोगों से रक्तदान की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी भी प्रकार की कोई शारीरिक कमजोरी नहीं आती और न ही शरीर में कोई विकार होता है, बल्कि खून शुद्ध होता है और नए खून बनने की गति बढ़ती है। मंडळ के सदस्य रविंद्र ठेंगड़ी, सृष्टि दंडवते, राजेश पेदे, अर्चना मुकादम, प्रफुल्ल बड़वाइक, अनुज काळे, अदिति ठेंगड़ी सहित कई लोगों ने रक्तदान किया।