फैंसी ड्रेस स्पर्धा के साथ मराठी सोहला शुरू, रंगोली और तंबोला में भाग लेने के लिए महिलाओं में रही होड़
2023-10-28 07:49 PM
1465
रायपुर। छोटे-छोटे नौनिहाल जब शिवाजी, जीजाबाई, अहिल्याबाई, लक्ष्मीबाई, विनायक दामोदर सावरकर, बाल गंगाधर तिलक जैसे वीर सपूतों के रंग- रूप, वेशभूषा धारण कर मंच पर पहुंचे, तो महाराष्ट्र मंडल का संत ज्ञानेश्वर सभागृह हर-हर महादेव और जय भवानी, जय शिवाजी जैसे नारों से गूंज उठा। मौका था महाराष्ट्र मंडल के दो दिवसीय मराठी सोहला के उद्घाटन सत्र का।

मराठी सोहला का शुभारंभ मंडल के आजीवन सभासद और विख्यात उद्यमी कौस्तुभ धर्माधिकारी ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने लाॅन एरिया में लगे स्टाॅल का अवलोकन किया और छत्तीसगढ़ी, साउथ इंडियन, मराठी के साथ साउथ इंडियन व्यजंनों का लुत्फ़ भी उठाया।वहीं इंटीरियर डेकोरेशन, कपड़ों और ज्वेलरी के स्टाॅल भी ध्यान खींच रहे हैं।

बच्चों की देशभक्तिपूर्ण फैंसी ड्रेस स्पर्धा से मराठी सोहला के कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। हर आयुवर्ग के प्रतिस्पर्धियों ने अपने पसंदीदा किरदारों में जबर्दस्त उत्साह दिखाया।
स्टालों में उमड़ी भीड़
मंडल के लाॅन एरिया और एसी हाल में लगाए गए बीसियों स्टाॅल में लोगों की खासी भीड़ नजर आई। मराठी, साउथ इंडियन, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों, सूप, चाय- काॅफी, कोल्डड्रिंक के साथ पैकेट्स वाले फूड्स, ज्वेलरी, रेडीमेड ड्रेस, गृह साज- सज्जा के स्टाॅलों में लोगों की खासी रुचि नजर आई।

फैंसी ड्रेस स्पर्धा के बाद महिलाओं ने रंगोली, केश सजाओ स्पर्धा में भी बढ़- चढ़कर भाग लिया। तंबोला खेलने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं स्वस्फूर्त आयोजन स्थल पर जुटीं। देर रात अंतिम कड़ी में विभिन्न समाजों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

आज सुबह आठ बजे से कार्यक्रम
रविवार, 29 अक्टूबर को मराठी सोहला के दूसरे दिन सुबह 8:00 बजे योग प्रतियोगिता, 11:00 बजे भाषण स्पर्धा, दोपहर 12:00 बजे बृहन्न महाराष्ट्र मंडल की ओर से छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों के महाराष्ट्र मंडलों के प्रतिभाओं की शास्त्रीय गीत- संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। दोपहर 2:00 बजे कुर्सी दौड़ स्पर्धा सहित विविध दिलचस्प स्पर्धाएं होंगी। दोपहर 3:00 बजे आध्यात्मिक समिति की ओर से पौराणिक, धार्मिक पुस्तकों, कथाओं पर आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी होगी। तत्पश्चात शाम 4:00 बजे से महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्पों, समितियों, केंद्रों सहित महाराष्ट्र नाट्य मंडल के प्रतिभाशाली कलाकार मंच पर अपनी मनोरंजन प्रस्तुतियां देंगे। पुरस्कार वितरण के साथ मराठी सोहला का समापन होगा।