सूर्य नमस्कार में श्वेता ने जीता गोल्ड... ओवरआल स्पर्धा में वर्तिका रहीं विजेता
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित दो दिवसीय मराठी सोहळा के दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरूआत योग प्रतियोगिता से हुई। मंडल की योग समिति और बूढ़ापारा महिला केंद्र द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में श्वेता खरे ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं ओवरआल स्पर्धा में वर्तिका क्षीरसागर ने 26 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्पर्धा में शामिल तेजस पाध्ये और समर्थ पाध्ये को स्पेशल प्राइज दिया गया।

महाराष्ट्र मंडळ की योग समिति प्रभारी आस्था काले ने बताया कि स्वस्थ्य रहने के लिए आज के जीवन में योग बेहद आवश्यक है। इसलिए मंडळ की ओर से योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्पर्धा दो वर्गों में आयोजित की गई। पहला सूर्य नमस्कार की स्पर्धा थी। इसमें कोई आयु बंधन नहीं था, जिसमें 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्पर्धा में निर्णायक की भूमिका में चितरंजन साहू, प्रेम खैरवार और शशि वरवंडकर थे। सूर्य नमस्कार स्पर्धा में श्वेता खरे ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं वर्तिका क्षीरसागर ने सिल्वर और प्रकृति दंडवते ने ब्रांज मेडल जीता।

आस्था काळे ने आगे बताया कि दूसरी स्पर्धा में प्रतिभागियों को पश्चिमोतानासन, धनुरासन, सर्वांगासन, मतसेंद्रासन और सुप्तवज्रासन करना था। इसमें कुल 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायकों ने आसन लगाने का तरीका तथा वापस आने का तरीका, निर्धारित समय सीमा तक रुकना, परफेक्ट पोस्चर, बिना तनाव व कंपन के आसन लगाना के साथ वेशभूषा पर नंबर दिए गए। इस स्पर्धा में वर्तिका क्षीरसागर प्रथम, लेवक्षी फुटाने और सीरथ पटेल दूसरे स्थान पर रहे। वहीं प्रकृति दंडवते तीसरे स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए मंडळ अध्यक्ष अजय काले, सचिव चेतन दंडवते, उपाध्यक्ष श्यामसुंदर खंगन, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, वरिष्ठ आजीवन सभासद अपर्णा काळेले, दीपक पात्रीकर, दिव्या पात्रीकर, रवि गहलोत, सुशांत गुप्ते, साक्षी टोले, पर्यावरण समिति प्रभारी अभय भागवतकर सहित कार्यकारिणी के सदस्यगण उपस्थित रहे।