महाराष्ट्र मंडल के दिवाली व्यंजन को मिल रहा बेहतर प्रतिसाद
2023-11-10 09:50 AM
881
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के दीपावली फराळ (व्यंजनों) की शानदार मांग बनी हुई है। दिव्यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ दीपावली के व्यंजन अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन के अलावा प्रियदर्शिनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर स्कूल और बाल वाचनालय शंकर नगर में भी बिक्री केंद्र खोले गए थे। लोगों ने इन बिक्री केंद्रों में अपने पसंदीदा व्यंजनों की जमकर खरीदारी की।
मेस प्रभारी दीपक किरवईवाले ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल में दीपावली पर 10 प्रकार के व्यंजन चिवड़ा, चकली, शक्करपारा, अनरसा (घी/डालडा), काजू कतली, गुजिया (घी/डालडा) बनाए जाते हैं। इस साल पहली बार बनाए गए बालूशाही और मठरी को भी बाकी व्यंजनों की तरह काफी पसंद किया जा रहा है।
अध्यक्ष अजय काले के मुताबिक महाराष्ट्र मंडल ने पहली बार 250 रुपये के आकर्षक गिफ्ट पैक लॉन्च किया। इसमें चिवड़ा, सेव, शक्करपारा और काजू कतली का बेहतरीन कोंबो है। इस सुस्वाद और किफायती गिफ्ट पैक को आशानुरूप प्रतिसाद मिल रहा है। अभी तक बीसियों प्रतिष्ठान व शैक्षणिक संस्थाओं ने गिफ्ट पैक का आॅर्डर कर डिलीवरी भी ले ली है।