दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल के दिवाली पहाट में आज साधना का भक्ति संगीत

रायपुर। चौबे काॅलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में शनिवार, 11 नवंबर को सुबह सात बजे दिवाली पहाट का भक्तिमय आयोजन किया गया है। भिलाई की गायिका साधना राहटगांवकर अपने साथियों के साथ भक्तिमय सुगम संगीत प्रस्तुत करेंगी। 
 
सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर मंच पर खैरागढ़ से यहां पहुंचे अंतरराज्यीय स्तर के संगीतज्ञों के साथ साधना राहटगांवकर कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। इनमें भक्ति गीतों सहित भाव अभंग, भजन व गजल की भी प्रस्तुति होगी। 
मतदाता जागरूकता भी
 
दंडवते ने कहा कि दिवाली पहाट कार्यक्रम के मध्य 'शत- प्रतिशत मतदान' अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत आयोजन स्थल पर फ्लैक्स लगाने से लेकर मतदान करने की शपथ भी दिलाई जाएगी। इससे पहले महाराष्ट्र मंडल ने मराठी सोहला और गरबा महोत्सव में भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया था। 
 
एक दिन पहले कार्यक्रम
मंडल में प्रतिवर्ष दिवाली पहाट का आयोजन नरक चतुर्दशी के दिन होता है। इस वर्ष नरक चतुर्दशी और लक्ष्मी पूजन एक ही दिन होने के कारण यह कार्यक्रम धनतेरस के अगले दिन शनिवार को सुबह 7 बजे होगा। इस मौके पर श्रोताओं के अलावा नन्हे- मुन्ने बच्चों के लिए आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था की गई है।