महाराष्ट्र मंडल महिला क्रिकेट स्पर्धाः रोमांचक मैचों में सेवन स्टार, आंध्र मास, मधु फाउंडेशन और चित्रांश जीते
2023-12-17 08:18 PM
599
रायपुर। प्रियदर्शनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में शुरू हुए नगर स्तरीय महिला क्रिकेट स्पर्धा में रनों की बारिश से ठंड लगभग गायब हो गई है। पहले दिन के मैचों में सेवन स्टार ने क्रीड़ा भारती को, आंध्रा मास ने अधिवक्ता रेड शक्ति टीम को और चित्रांश ग्रुप ने शंकर नगर वुमन पावर टीम को रोमांचक मैचों में हराया। अधिवक्ता ब्लू शक्ति टीम की अनुपस्थिति के कारण मधु फाउंडेशन बाई का लाभ लेकर अगले दौर में पहुंच गई है।
शनिवार देर शाम पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने इस स्पर्धा का विधिवत उद्घाटन किया। महिला खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर अपना परिचय दिया। इसके साथ ही महिला क्रिकेट टीमों में एक- दूसरे को हराने की होड़ शुरू हो गई। अपने- अपने संबोधनों में मुख्य अतिथि केदारनाथ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अजय काले, सचिव चेतन दंडवते और क्रीड़ा समिति की प्रभारी गीता दलाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना से खेलने का आग्रह किया।
स्पर्धा का पहला मैच क्रीड़ा भारतीय और सेवन स्टार टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रीड़ा भारती ने अल्पना की ओर से बनाए 23 रन की मदद से 44 रन का लक्ष्य दिया। इसमें अतिरिक्त रनों का योगदान 15 का था। सेवन स्टार ने यह मैच नीता डुमरे के बने 11 रनों की बदौलत दो विकेट से जीत लिया। इस मैच का निर्णय मैच की अंतिम गेंद पर हुआ।
अगला मैच अधिवक्ता रेड शक्ति टीम और आंध्र मास के बीच खेला गया। अधिवक्ता रेड शक्ति टीम ने वाइड और नो बॉल के बड़े योगदान की बदौलत आंध्र मास को 35 रन का लक्ष्य दिया। अधिवक्ता रेड शक्ति की अच्छी गेंदबाजी की वजह से आंध्रा मास ने यह मैच अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर जीता। तीसरे मैच में अधिवक्ता ब्लू स्टार शक्ति टीम मौके पर उपस्थित नहीं होने के कारण मधु फाउंडेशन को मैच में विजय घोषित किया गया।
महाराष्ट्र मंडल के महिला क्रिकेट स्पर्धा के पहले दिन का अंतिम मैच लगभग 10:00 बजे चित्रांश ग्रुप और शंकर नगर वुमन पावर के बीच खेला गया। चित्रांश ग्रुप की शिक्षा ने तीन छक्के और दो चौकों की मदद से 35 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम के स्कोर को 99 रनों पर पहुंचाया। इसके विपरीत शंकर नगर वुमन पावर महज 21 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह प्रतियोगिता की सबसे बड़ी 78 रनों की जीत चित्रांश ग्रुप ने अपने नाम पर दर्ज की।