दिव्य महाराष्ट्र मंडल

हार्दिका, अर्चना, वनिता और आश्रणी की डांस में झूमीं महिलाएं

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में मकर संक्रांति पर्व पर हल्दी कुंकू का जोरदार आयोजन चौबे कॉलोनी और सुंदर नगर केंद्र की महिलाओं ने किया।  कार्यक्रम के लिए मंच से लेकर मंडल भवन की मुख्य लॉबी तक चौबे कॉलोनी और सुंदर नगर केंद्रों की अक्षता पंडित, स्वाति डबली, मनीषा वरवंडकर, प्रीति शेष और सुरभि गनोदवाले ने रंगोली, गुब्बारों, पतंगों सहित विभिन्न सामग्रियों से आकर्षक सजावट की। 
 
 
चौबे कॉलोनी केंद्र की संयोजिका अक्षता पंडित के अनुसार हल्दी- कुंकू कार्यक्रम की शुरुआत चारुशिला देव और धनश्री पेंडसे ने सुमधुर सरस्वती वंदना गायन से की। सुंदर नगर केंद्र की महिलाओं ने स्वागत गीत गाकर कार्यक्रम को गति दी। दोनों केंद्र की ओर से रामायण पर आधारित पात्रों पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्व. मंदाकिनी कुसरे स्मृति रंगोली प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में परंपरागत टिपके वाली रंगोली बनाकर एक- दूसरे आगे निकलकर विजेता बनने की होड़ लगी रही। 
 
चौबे कॉलोनी केंद्र के आराधना ग्रुप ने राम आएंगे का मंत्र मुग्ध कर देने वाला गीत प्रस्तुत किया। सुंदर नगर केंद्र की हार्दिका बोबडे, अर्चना शिवणकर, वनिता आपुरकर, आश्रणी बोबडे के परफेक्ट डांस नंबर में महिलाएं झूम उठीं। इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल की महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।