देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों के बीच बाल वाचनालय में मना गणतंत्र दिवस
2024-01-26 06:42 PM
572
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के शंकर नगर बाल वाचनालय- उद्यान में गणतंत्र दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ प्रमुख सुबोध टोले और महाराष्ट्र नाट्य मंडल के पूर्व अध्यक्ष दिलीप लांबे बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे।
चेतन दंडवते ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत देश की आजादी के दो वर्ष 11 माह 18 दिन के बाद भारत का संविधान बना। इसे लागू करने में 2 महीने का समय लगा। डाॅ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की अगुवाई में संविधान समिति ने लगभग 60 देशों के संविधानों का अध्ययन करने के बाद भारत का संविधान बनाया। इसमें 395 अनुच्छेद, 8 अनुसूचियां शामिल है और यह 22 भागों में विभाजित है। भारत का संविधान 251 पन्नों का है। संविधान की पुस्तक पर सबसे पहले पन्ने पर भगवान श्रीराम की तस्वीर है। दंडवते ने संविधान को लेकर इसी तरह की और भी मूलभूत जानकारियां दीं।
सुबोध टोले ने अपने संक्षिप्त संबोधन में पद्मावती स्कूल के मासूम बच्चों, टीचर स्टाफ समेत गणमान्य नागरिकों से अपील की कि वह मोबाइल पर समय का सदुपयोग करें। आवश्यक ज्ञान हासिल करें। समय का सदुपयोग आज बड़े से लेकर बच्चे तक पहली आवश्यकता है। दिलीप लांबे ने भी भारत देश में गणतंत्र दिवस के महत्व पर चर्चा की।
इस अवसर पर पद्मावती स्कूल के बच्चों ने 'अंजनी के लाल...', 'छत्तीसगढ़ राज्य का बारहमासी गाने पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन गीता दलाल ने किया। इस अवसर पर क्रीड़ा समिति की आरती गोवर्धन और दिव्यांग बालिका गृह की सह प्रभारी रेणुका पुराणिक ने भी देशभक्तिपूर्ण जीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मंडल के शंकर नगर व अवंती विहार केंद्र के सदस्य समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।