दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में अध्यक्ष काले ने किया फहराया राष्ट्रीय ध्वज

रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन में अध्यक्ष अजय काले ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ किया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू एवं लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण करने और गुलाल का टीका लगाने के बाद अतिथियों ने भारत के संविधान पर चर्चा की। 
इस मौके पर मंडल भवन पर नए प्रकल्प फिजियोथैरेपी सेंटर का वरिष्ठ कर्मचारी शिवकुमारी ढीवर ने उद्घाटन किया। अध्यक्ष काले ने कहा कि मंडल का यह प्रकल्प बहुप्रतीक्षित और सर्वाधिक अपेक्षित था। गत अनेक वर्षों से लोग महाराष्ट्र मंडल से फिजियोथैरेपी सेंटर शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब हम सभी के समक्ष यह चुनौती है कि हमारा यह प्रकल्प बाकी प्रकल्पों की तरह ही समाजसेवा के उच्चतम लक्ष्य को प्राप्त करे और जरूरतमंदों को न्यूनतम शुल्क पर हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराए। 
सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने बताया कि शुरुआती तौर पर फिजियोथैरेपी सेंटर में तीन पालियों के लिए तीन डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। सुबह 10:00 से 12:00 तक, दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक और शाम को 4:00 से 6:00 बजे तक फिजियोथैरेपी की सुविधाएं जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगी। ठेंगड़ी ने समस्त पदाधिकारियों से अपील की कि जब भी, जहां भी मौका मिले, मंडल के इस प्रकल्प की चर्चा अवश्य करें ताकि लोगों को चौबे कॉलोनी स्थित मंडल भवन के फिजियोथैरेपी सेंटर की विस्तृत जानकारी मिल सके।